पानीपत। आईआईएचटी एलुमनी एसोसिएशन की पांचवीं वार्षिक आम सभा में आर्थिक रूप से कमजोर व जरूरतमंद विद्यार्थियों को डिप्लोमा शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देगा। इसके साथ हैंडलूम व टेक्सटाइल उद्योग में बुनकरों की समस्याओं के समाधान पर काम करेगा।
एसोसिएशन की वार्षिक बैठक रविवार को जिमखाना क्लब में किया गया। इस कार्यक्रम में देशभर से आए एलुमनी सदस्यों, टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों और गणमान्य 65 से अधिक लोगों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रधान धर्मवीर सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन वारिस खान ने किया। इसमें टेक्सटाइल व हैंडलूम शिक्षा के विकास, विद्यार्थियों के भविष्य, उद्योग की चुनौतियों और रोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसोसिएशन ने आईआईएचटी संस्थान के लिए 10 एकड़ जमीन देने की घोषणा पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष आभार व्यक्त किया। डीएचटीटी जोधपुर की पूर्व छात्रा श्रुति शर्मा को तकनीकी हैंडलूम एंड टेक्सटाइल क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया। प्रधान ने बताया कि यह देश के छह प्रमुख आईआईएचटी संस्थानों के पूर्व छात्रों द्वारा गठित एक संगठन है। इसका उद्देश्य टेक्सटाइल व हैंडलूम शिक्षा को बढ़ावा देना, विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करना, उद्योग और शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। बैठक के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं एलुमनी सदस्यों ने सुझाव दिया कि आईआईएचटी एलुमनी एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा का आयोजन भविष्य में भी पानीपत में ही किया जाए। साथ ही बैठक के समय को और अधिक बढ़ाने का सुझाव भी दिया। वक्ताओं ने कहा कि भारत की हथकरघा परंपरा को संरक्षित रखते हुए आधुनिक टेक्सटाइल तकनीकों के साथ आगे बढ़ना समय की आवश्यकता है। साथ ही युवाओं को रोजगार, उद्यमिता एवं औद्योगिक प्रशिक्षण से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया गया। इस मौके पर बीबी पॉल, ओपी रनोलिया, राकेश जैन, विपिन कनोडिया, अनिल देशवाल, अनिल कुमार, अमित दुबे, आदेश जैन, संजय कौशिक, अजीत मोहंती व हिमांशु माथुर उपस्थित रहे।
इन महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की
आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को डिप्लोमा शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करना। हैंडलूम व टेक्सटाइल उद्योग में बुनकरों के भविष्य एवं चुनौतियों पर चर्चा की। डिप्लोमा विद्यार्थियों के लिए बेहतर रोजगार एवं करियर अवसर उपलब्ध करवाना। उद्योग व एलुमनी के सहयोग से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराना। टेक्सटाइल क्षेत्र में आधुनिक तकनीक एवं कौशल विकास को बढ़ावा देना।
आईआईएचटी एलुमनी एसोसिएशन की पांचवीं वार्षिक आम सभा में प्रधान और अतिथि। स्रोत : एसोसिएशन