आईजी निवास के पास कर्ण विहार एरिया में कार सवारों ने कोर्ट में गवाही के बाद बाइक पर सवार होकर जा रहे दो युवकों पर गोलियां दाग दीं। हमलावरों ने तीन फायर किए, जिससे एक युवक के पैरों में गोलियां लग गईं। बाद में बदमाश हथियार हिलाते हुए वारदात स्थल के फरार हो गए।
उधर, पुलिस ने घायल को अस्पताल में दाखिल कराकर बदमाशों को काबू करने के लिए जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है। गांव मंगलौरा निवासी घायल रवि ने बताया कि अपने दोस्त तनु के किसी मामले में चल रही कोर्ट में तारीख के बाद गांव की तरफ लौट रहे थे। शाम को कोर्ट के बाद वह और तनु बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे कर्ण विहार एरिया में पहुंचे तो दो कारों में सवार आरोपियों ने पहले तो बाइक को टक्कर मारी और बाद में कार आगे अड़ाकर फायर शुरू कर दिए। हमलावरों ने तीन फायर किए, दो गोली रवि के पैर में लगी, इससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया, आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर सदर थाना के प्रभारी अजायब सिंह व डीएसपी जितेंद्र मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी का कहना है कि घायल ने बताया कि उन्होंने गोली चलाने वाले आरोपियों को पहचान लिया है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विवाद तनु का है और आरोपियों की रंजिश भी उसी के साथ थी। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है और जिलेभर की नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी है।