बदलते मौसम ने सोमवार को लोगों को एक ही दिन में अपना कई रूप दिखा गया। सुबह की शुरूआत बारिश से होने पर लोगों को लग रहा था कि आज का दिन इसी तरह बूंदाबांदी में निकल जाएगा, लेकिन दोपहर तक धूप निकल आई जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। वहीं शाम होने से पहले एक बार फिर से तेज ठंडी हवाओं के साथ आए बादलों ने आसमान को ढक लिया साथ ही धूंध ने भी अपना असर दिखाने लगी। लोगों को फिर से ठिठुरन का अहसास होने लगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण अगले 24 घंटों प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इससे ठंड और बढ़ेगी। पहाड़ी क्षेत्र में इस बार अधिक बर्फबारी होने और मैदानी इलाकों में बारिश के कारण अभी पारा और गिरेगा। सोमवार को जिले में 3.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बारिश गेहूं के लिए काफी लाभदायक है, हालांकि सब्जियों को नुकसान होगा। अधिक ठंड से जिले में बंपर गेहूं की फसल होने के आसार हैं।
मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि मंगलवार को भी हल्के बादल छाए रहेंगे। उसके बाद मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। 21 जनवरी के आसपास एक बार फिर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने की बात कही जा रही है। उस दौरान भी हल्की बारिश हो सकती है।
आज स्कूलों की रहेगी छुट्टी
करनाल। उपायुक्त मंदीप सिंह बराड़ ने कड़ाके की ठंड व धुंध को देखते हुए जिला के सभी सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों की एक दिन 17 जनवरी को छुट्टी की है। इस दिन सभी सरकारी व गैर-सरकारी स्कूल बंद रहेंगे ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो। उन्होंने वाहन चालकों से भी अपील की है कि वे कड़ाके की ठंड व धुंध को देखते हुए सावधानी से वाहन चलाएं और अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाएं तथा फोग लाइट, इंडिकेटर का प्रयोग करें व पूरी तरह सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।