नीलोखेड़ी के सीकरी गांव की एक महिला ने अपने शराबी पति से तंग आकर पुलिस थाने में शिकायत कर मदद की गुहार लगाई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। मजिस्ट्रेट ने बयान सुनने के बाद महिला को उसकी मौसी के पास भेज दिया।
सीकरी गांव की महिला ने शिकायत में कहा कि उसकी शादी ज्योतिसर कुरुक्षेत्र में हुई थी और वह तीन बच्चों की मां है। उसका पति शराब का आदी है और वह उसके साथ मारपीट करता है।
अपने पति से तंग आकर कुछ दिन पहले अपने बच्चों को लेकर अपने मायके आ गई थी। वहां भी कुछ दिनों के बाद पति ने उसे प्रताड़ित करने का सिलसिला शुरू कर दिया।
परेशान होकर महिला अपने बच्चों को लेकर अपने एक रिश्तेदार के पास पानीपत चली गई। रिश्तेदार ने भी उसे ज्यादा दिन रखने से मना कर दिया।
जब उसको कहीं भी पनाह नहीं मिली तो आखिरकार वह पुलिस थाने बुटाना में पहुंची और मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने महिला को कार्यवाहक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया और उसे गांव बरसालू में महिला की मौसी के पास भेज दिया है।