कुरुक्षेत्र के गांव खैरी में पति द्वारा पत्नी की हत्या करने के मामले में बबैन थाना पुलिस ने पक्का पुल के समीप आवर्धन नहर में पत्नी का शव तलाशने के लिए सर्च अभियान चलाया। आरोपी पति ने पूछताछ में बताया है कि उसने पत्नी को नशीला पदार्थ खिलाकर शव को जला आवर्धन नहर में फेंक दिया था। बबैन थाना पुलिस गोताखोर की टीम को लेकर सोमवार को आवर्धन नहर पर पहुंची। देर शाम तक पत्नी का शव नहीं मिल पाया।
गांव खैरी निवासी आरोपी पति ने बबैन थाना में 2 फरवरी को शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी नेहा रात को बिना बताए घर से चली गई। बाद में न तो घर पहुंची न मायके। पति की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने शक के आधार पर पति प्रशांत कौशिक के साथी संदीप से पूछताछ की। जिसको पुलिस ने 21 फरवरी को पिपली चौक से काबू कर लिया था। पूछताछ में संदीप ने बताया कि नेहा गुम नहीं हुई बल्कि उसके पति प्रशांत ने उसकी हत्या कर शव जलाकर कार की डिग्गी में डालकर मधुबन की तरफ नहर में फेंक दिया था। पुलिस के अनुसार महिला पति के अलावा किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात करती थी। जिसको लेकर कई बार पंचायतें भी हुई। पंचायतों के चलते महिला का पति प्रशांत कौशिक उसको अपने घर लेकर आ गया था, लेकिन महिला उक्त व्यक्ति से बातचीत करती रही। जिस कारण प्रशांत ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि नेहा के शव की तलाश की जा रही है।