हुडा (हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण) में नियमों के खिलाफ डबल व ट्रिपल प्लॉट होने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। करनाल हुडा प्रशासन की जांच में ऐसे करीब 100 लोग पाए गए हैं, जिनके पास पहले से ही एक प्लॉट है और उनके नाम करनाल में भी हुडा का या एक दो प्लॉट हैं। हुडा संपदा अधिकारी ने मामले की जांच रिपोर्ट समेत इन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने को लेकर एसपी करनाल को शिकायत दी है। एसपी के आदेश पर शहर के अलग-अलग थानों में 50 से ज्यादा लोगों पर धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। शेष आरोपियों के खिलाफ भी रोजाना अलग-अलग थानों में केस दर्ज किए जा रहे हैं।
खास बात यह है कि आरोपियों में कुछ लोग करनाल के शामिल हैं तो कुछ रोहतक, चंडीगढ़, कुरुक्षेत्र समेत अन्य जिलों के लोगों के नाम भी शामिल हैं। बता दें कि इससे पहले भी प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुडा में गलत तरीके से प्लॉट आवंटन के मामले सामने आ चुके हैं। पिछले दिनों यह मामला पूरे प्रदेश में गूंजा। इस मामले की जांच के दौरान हुडा करनाल ने जांच की तो उसे करीब 100 ऐसे लोग मिले, जिनके नाम करनाल के अलावा दूसरे शहरों में भी हुडा का प्लॉट है। हालांकि, इन लोगों ने हुडा के पास एफिडेविट दे रखा है कि उनके नाम पर हुडा में कोई अन्य प्लॉट नहीं है। मामले की गहनता से जांच के बाद हुडा के संपदा अधिकारी अश्वनी मलिक ने इस मामले की शिकायत एसपी करनाल को की और इनके खिलाफ केस दर्ज की सिफारिश की। शिकायत में सभी सौ आरोपियों के नाम और पते भी लिखे हैं। इनमें करनाल, कुरुक्षेत्र, चंडीगढ़, सोनीपत समेत प्रदेश के अन्य जिलों के लोगों के नाम शामिल हैं।
एसपी के आदेश के बाद सिटी थाना में 17, सदर थाना में 15 केस दर्ज हो चुके हैं, जबकि यहां 25 आरोपियों के खिलाफ है और रोजाना केस दर्ज करने प्रक्रिया जारी है। इसी प्रकार सिविल लाइन थाने में भी केस दर्ज हो रहे हैं। सिटी थाना में उन लोगों के खिलाफ केस दर्ज है, जिनके नाम सेक्टर-4, 5 व 16 सेक्टर में प्लाट आवंटित हुए हैं, वहीं सदर में सेक्टर 32 और 33 के अलाटियों के खिलाफ केस दर्ज हुए हैं। कुल सौ लोगों के खिलाफ थानों में शिकायत गई हुई है, ऐसे में आगामी कुछ दिनों में इन सभी सौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए जाएंगे। केस दर्ज करने की पुष्टि सदर थाना प्रभारी प्रतीक कुमार व सिटी थाना प्रभारी मोहन लाल ने की है।
ये हैं नियम
दरअसल हुडा में नियम है कि एक व्यक्ति के नाम एक ही प्लॉट हो सकता है। इन सभी आरोपियों के नाम दूसरे शहरों में पहले से ही प्लॉट है, जबकि उन्होंने धोखे से शपथ पत्र दे दिया और ड्रा में उनके नाम प्लॉट आ गया। ऐसे में इन्होंने धोखे से हुडा में दो से तीन तक प्लॉट अपने नाम करा लिए। खास बात यह है कि इन आरोपियों में ज्यादा पूर्व सैनिक हैं, इनका हुडा प्लाट आवंटन में कोटा होता है।
100 लोगों के खिलाफ दी शिकायत : मलिक
इस बारे में हुडा के एस्टेट आफिसर अश्वनी मलिक का कहना है कि करनाल जिले के सेक्टरों में ऐसे करीब सौ लोग पाये गए। सभी के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए एसपी करनाल को लिखा गया है। सभी आरोपियों ने हुडा के साथ धोखा किया है, इसलिए उनके खिलाफ केस दर्ज कराए जा रहे हैं।