माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (एचएसजीपीसी) के चुनाव को लेकर हरियाणा के गृह सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने वीसी के माध्यम से उपायुक्त को निर्देश दिए कि वे जिले में 30 सितंबर तक हरसंभव मतदाता सूची तैयार करवाना सुनिश्चित करें। इस कार्य में ढिलाई न बरती जाए। कमेटी के चुनाव आयुक्त एचएस भल्ला ने स्पष्ट किया कि नए वोट बनवाने के फार्म वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।
गृह सचिव ने कहा कि मतदाता सूची तैयार करने के लिए प्राप्त किए जा रहे आवेदन पत्र अब हिंदी, अंग्रेजी के साथ-साथ गुरुमुखी यानी पंजाबी भाषा में उपलब्ध करवा दिए गए हैं। नए वोट बनवाने के लिए ये फार्म गुरुद्वारों में भी पहुंचा दिए गए हैं। पात्र व्यक्ति अपना फार्म भरकर संबंधित पटवारी के पास जमा करवाएं ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिस क्षेत्र में सिख मतदाताओं की संख्या ज्यादा है, वहां स्थान निर्धारित करके वोट बनाने के लिए फार्म भरे जाएं और जिस क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या कम है, उन सभी पात्र व्यक्तियों को कवर करने के लिए ज्यादा से ज्यादा पटवारी तैनात किए जाएं ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वोट बनवाने से वंचित न रहे।
उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि जिले में चुनाव को लेकर मतदाता सूची को तैयार करने का कार्य जारी है। नगरपालिका क्षेत्र में नगरपालिका सचिव तथा ग्रामीण क्षेत्र में पटवारी व ग्राम सचिवों को पात्र व्यक्तियों से फार्म प्राप्त करने के लिए अधिकृत किया गया है। इसके अलावा संबंधित एसडीएम को आरओ और बीडीपीओ को एआरओ अधिकृत किया गया है।
सभी एसडीएम व बीडीपीओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्थापित गुरुद्वारों में जाकर मतदाता सूची तैयार करने को लेकर संपर्क करें। इसके अलावा जितने भी फार्म प्राप्त होते हैं, उनका पंजीकरण भी करवाते रहें। जो भी इच्छुक सिख कमेटी की निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज करवाना चाहते हैं वे मतदाता अपना पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो व मतदाता पहचान पत्र की प्रति के साथ अपने क्षेत्र से संबंधित तहसील/उप-तहसील कार्यालय में कार्यरत संबंधित हल्का पटवारी से संपर्क कर सकते हैं व आवेदन पत्र भरकर निर्धारित तिथि से पूर्व पटवारी एवं संबंधित अधिकारी के पास जमा करवा सकते हैं।