रामनगर थाना पुलिस ने हनीट्रैप मामले में एक महिला को 50 हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया है। जो प्रेम प्रसंग में फंसाये व्यक्ति को दुष्कर्म के केस का डर दिखाकर सात लाख रुपये की डिमांड कर रही थी।
एसएचओ जसविंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को उनके पास गांधी नगर निवासी वीरेंद्र कुमार शिकायत लेकर आया था। शिकायत में बताया कि उसको पिछले पांच साल से एक महिला ने प्रेम जाल में फंसाया हुआ है। महिला ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाकर पैसे लेने का जरिया बना लिया। महिला उसको दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर कभी 10, कभी 15 तो कभी 20 हजार लेकर करीब दो लाख 50 हजार रुपये ले चुकी है। करीब 4-5 दिन पहले उसे फोन पर धमकी देकर अपने पास बुलाया और उससे सात लाख रुपये नकद की मांग की। साथ ही धमकी देते हुए कहा कि यदि पैसे नहीं दिए तो वह दुष्कर्म के केस फंसा देगी। इसके बाद खुद भी जान दे देगी। वह इन पैसों का इंतजाम नहीं कर सकता था। उसने महिला को फिलहाल 50 हजार रुपये लेने के लिए राजी किया है। साथ ही आश्वासन दिया कि बाकी पैसे जल्दी देगा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने टीम तैयार की और योजनाबद्ध तरीके से आरोपी महिला को प्रेम नगर से 50 हजार रुपये लेते पकड़ लिया।
महिला की बहन व एक व्यक्ति भी मामले में शामिल
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि महिला के साथ उसकी छोटी बहन और एक व्यक्ति भी इस मामले में शामिल हैं। तीनों मिलकर उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।