करनाल। दयाल सिंह कॉलेज के पास टी-पॉइंट पर मंगलवार शाम दो युवतियों और एक युवक के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे होमगार्ड मुकेश कुमार और एसपीओ रणधीर सिंह से मारपीट की गई। एसपीओ की नाक पर मुक्का मारा और होमगार्ड के सिर पर मोबाइल से वार किया। पुलिस ने आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया है।
करनाल के कर्ण विहार निवासी मुकेश कुमार हरियाणा पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। मुकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार की शाम करीब 4 बजे वह दयाल सिंह कॉलेज के पास टी-पॉइंट पर यातायात ड्यूटी कर रहे थे। पास में रेहड़ी पर दो युवतियां एक युवक पर गलत इशारे करने का आरोप लगा रही थीं। मुकेश मौके पर पहुंचे। डायल-112 बाइक पर तैनात एसपीओ रणधीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
युवक ने अपना नाम आकाश बताया। समझाने पर वह गाली-गलौज करने लगा। एसपीओ रणधीर सिंह की नाक पर मुक्का मार दिया। उनकी नाक से खून बहने लगा। होमगार्ड मुकेश कुमार के सिर पर मोबाइल से वार किया। सिविल लाइन थाना प्रभारी विक्रांत ने बताया कि आरोपी आकाश उर्फ योगेश निवासी सेक्टर-6 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
राहगीरों की मदद से पकड़ा, मेडिकल जांच कराई
मुकेश कुमार के अनुसार, मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से युवक को काबू किया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। दोनों पुलिसकर्मियों की मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) भी कराई गई। शिकायत के साथ दी गई मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, मुकेश कुमार को दो साधारण चोटें आईं, जबकि एसपीओ रणधीर सिंह की रिपोर्ट में एक चोट दर्ज की गई।