- पश्चिमी नहर पर बढ़ा ट्रैफिक, वाहन चालक परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कैथल रेलवे पुल के एक पिलर की रोलिंग टूटने से यहां से भारी वाहनों की आवाजाही बंद है। इस कारण से भारी वाहनों को पश्चिमी यमुना नहर से 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करके हाईवे पर जाना पड़ा। पुल की दोनों साइडों में पुलिस बैरिकेड लगाकर तैनात रही ताकि गलती से पुल पर कोई ट्रक या अन्य भारी वाहन न जा पाए।
रेलवे रोड से कैथल पुल की ओर मुड़ते हुए कैथल पुल पर दिनभर चार पुलिसकर्मियों की डयूटी है। वहीं दूसरी ओर कैथल की ओर से आने वाले भारी वाहनों को रोकने के लिए दो पुलिसकर्मी दिनभर तैनात रहते हैं। हालांकि दिनभर पुल से कार, जीप, हल्के वाहन टाटा 407 व बिना लोडिंग के वाहनों की आवाजाही होती रहती है। पहले दिन पुल की स्थिति पर काबू पाने के लिए सफीदों से देसी मिस्त्री बुलाकर रोलिंग सही करवाई गई, जैक लगाकर रोलिंग व गुटखा फिट किया गया। बावजूद इसके अब तक भी इस पुल से भारी वाहनों की आवाजाही सुचारू नहीं हो पाई है।
वीरवार को छठ पर्व होने के कारण भारी वाहनों का पश्चिमी यमुना नहर से भी निकलना नहीं हो पाया। ऐसे में इन वाहन चालकों को चिड़ाव मोड़ व उससे पहले ही रुकना पड़ा। कई वाहन चालकों ने अपने रूट पहले से ही डायवर्ट कर अतिरिक्त सफर तय किया।