करनाल। रेलवे स्टेशन और उससे जुड़े सेक्शन में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। भैनी खुर्द से लेकर बजीदा जट्टान तक रोजाना सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। आरपीएफ चौकी के अधिकार क्षेत्र में अब तक कोई संदिग्ध कैमरा या उपकरण नहीं मिला है। एहतियात के तौर पर निगरानी लगातार जारी है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार हाल ही में गाजियाबाद और सोनीपत रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध कैमरे मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है। चौकी इंचार्ज सुरिंदर ने बताया कि रोजाना अलग-अलग टीमें ट्रैक, प्लेटफॉर्म, सिग्नल पॉइंट और आसपास के संवेदनशील इलाकों की गहन जांच कर रही हैं। मंगलवार को भी करीब दो घंटे तक सर्च अभियान चलाया गया। स्थानीय लोगों और रेल कर्मचारियों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
-
गेट पर ही सख्त जांच
आरपीएफ और रेलवे प्रशासन ने सख्ती बढ़ाई है। स्टेशन के मुख्य गेट पर टीटी यात्रियों की जांच कर रहे हैं। प्लेटफॉर्म टिकट या यात्रा टिकट के बिना किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा। मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए भी प्लेटफॉर्म टिकट अनिवार्य है। इसको लेकर सख्ती की जा रही है ताकि जो भी व्यक्ति स्टेशन परिसर में प्रवेश करे उसका रिकॉर्ड रेलवे के पास आ जाए।
-
वर्जन
पूरे उत्तर रेलवे को इस समय हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रत्येक स्टेशन पर चेकिंग कर संदिग्ध उपकरण न मिलें इसकी जांच कर रहीं है। रोजाना इसके लिए सर्च अभियान जारी है। - आशुतोष पांडे, वरिष्ठ मंडल आयुक्त, दिल्ली मंडल