करनाल। पुलिस ने बदमाश सचिन भिवानी का गुर्गा पांच पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। यह बदमाश नमस्ते चौक के पास किसी की हत्या करने के इरादे से खड़ा था। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी भागने लगा मगर पुलिस ने उसे दबोच लिया। पकड़ा गया बदमाश भिवानी के थाना तोशाम पटौदी गांव निवासी संदीप कुमार उर्फ बब्बल है। जब पुलिस ने उसकी चेकिंग की तो उसके बैग से पांच पिस्तौल और 18 कारतूस मिले। इसके अलावा पुलिस ने एक लैपटॉप भी आरोपी के पास से बरामद किया है। सचिन भिवानी लॉरेस बिश्नोई गैंग का सदस्य है। उस पर हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और पंजाब में 12 केस दर्ज हैं।
पुलिस को पता चला है कि गैंगस्टर सचिन भिवानी के कहने पर ही आरोपी करनाल में अवैध हथियारों की तस्करी करने आया था। हालांकि अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह हथियारों का इस्तेमाल किस वारदात में करने वाला था। इसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार पहले भी सचिन भिवानी द्वारा सेक्टर-32-33 में एक कारोबारी से रंगदारी मांगी जा चुकी है। पूछताछ के लिए आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है।