संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। शिक्षा विभाग की ओर से छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिता शुरू की गई हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इन खेलों में खंड के सरकारी व निजी स्कूलों के साढ़े तीन हजार से अधिक विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। इस दौरान खिलाड़ियों के बीच 31 खेलों के इवेंट आयोजित किए जाएंगे। घरौडा खंड के चार अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होने वाले मुकाबलों मेें शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को खुद इन स्थानों पर पहुंचना होगा। निजी स्कूलों के खिलाड़ी तो अपने स्कूलों की बसों से पहुंचते हैं, लेकिन सरकारी स्कूल के छात्रों को अपना इंतजाम खुद करना पडे़गा। वहीं शिक्षा विभाग की ओर से जारी 20 हजार रुपये के फंड में बच्चों को केवल पीने का पानी ही उपलब्ध कराया जाएगा। जबकि इसके लिए विद्यार्थियों से शुल्क भी लिया गया है।
जोनल खेल प्रतियोगिता के सचिव इंदरजीत कालिया का कहना है कि जोन स्तरीय तीन दिवसीय स्कूली खेल प्रतियोगिता शुरू हुई हैं, जो संस्कृति मॉडल स्कूल घरौंडा, सेंचुरी स्कूल, महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल और यूनिवर्सल एकेडमी के खेल मैदान में आयोजित की जाएंगी। खेलों में करीब तीन हजार छात्र 31 इवेंट में शामिल होंगे। खेलों के आयोजन के लिए विभाग की तरफ से 20 हजार रुपये का फंड निर्धारित किया गया है। हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था इसमें शामिल नहीं है। इतने कम बजट में खिलाड़ियों के लिए सिर्फ पीने के पानी का इंतजाम किया गया है।
किन छात्रों से कितना शुल्क लिया
खेलों में छात्रों को लेकर पहुंचे निजी स्कूलों के अध्यापकों ने बताया कि विभाग की गाइडलाइन के अनुसार खंड के 15438 छात्रों से खेल शुल्क लिया गया है। छठी से 8वीं कक्षा तक प्रत्येक छात्र से छह रुपये, नौवीं और 10वीं कक्षा के छात्र से 30 रुपये, 11वीं और 12वीं आर्ट के विद्यार्थी से 60 रुपये, कॉमर्स के विद्यार्थी से 72 रुपये और साइंस के विद्यार्थी से 90 रुपये खेल शुल्क लिया गया है। संवाद