लघु सचिवालय का हेल्पलेस हुआ हेल्पडेस्क अब हेल्प करेगा। मेय आई हेल्प यू के स्लोगन के साथ यहां बैठे दो कर्मचारी सचिवालय पहुंचने वाले हर व्यक्ति की समस्या का समाधान करने का प्रयास करेंगे। उन्हें बताएंगे कि किस समस्या के लिए क्या करना है? किस अधिकारी से मिलना है? या कैसे उसकी समस्या का निदान होगा। ढील के साथ लॉकडाउन 3.0 शुरू होने के बाद भी यह व्यवस्था बंद पड़ी थी। इस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अमर उजाला ने इस ठप पड़ी व्यवस्था को उजागर किया। 12 और 13 मई के अंक में लोगों की समस्याओं के साथ लाइव रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। जिस पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने हेल्पडेस्क व्यवस्था को दोबारा शुरू किया।
पहले दिन 300 से ज्यादा लोगों को मिली सहायता
लघु सचिवालय के प्रशासनिक खंड में मेन गेट के साथ बने हेल्प डेस्क पर बुधवार को दो कर्मचारी तैनात रहे। दोपहर डेढ़ बजे तक करीब 300 से ज्यादा लोग यहां पहुंचे, जिन्हें कर्मचारियों ने संबंधित अधिकारी या विंडो पर भेजा। कई लोगों को सिर्फ कंफ्यूजन ही था, जिसे कर्मचारियों ने ही दूर कर दिया। सबसे ज्यादा समस्या लोगों की मूवमेंट पास को लेकर आ रही है।
मूवमेंट पास के लिए पोर्टल पर करें आवेदन
कोरोना का खतरा टला नहीं है। डीसी का कहना है कि लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। यदि किसी तरह के पास की जरूरत है, तो वे सरल हरियाणा और ई-दिशा पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा किसी अन्य मदद व समस्या के लिए 1950 हेल्पलाइन नंबर डायल करें। यदि यहां समस्या का समाधान न हो तो ही सचिवालय आएं। प्रशासन जनता की हर मदद के लिए प्रयासरत है।