संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। आजकल हर दूसरे तीसरे व्यक्ति में हृदय रोग, मोटापा और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियां बढ़ रही है। चिकित्सक इसका एक बड़ा कारण मांसाहारी भोजन बता रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल से डाइटिशियन वंदना का कहना है कि कई लोग प्रोटीन को पूरा करने के लिए मांसाहार को अपना रहे हैं। ऐसा उचित नहीं है। शाकाहारी भोजन से भी प्रोटीन की कमी को दूर किया जा सकता है। शाकाहार से हृदय रोग, मोटापे और उच्च रक्तचाप का खतरा कम हो जाता है।
वंदना ने बताया कि घर में बनने वाला साधारण शाकाहारी भोजन अपनाना आज की जरूरत है। यह न केवल बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि शरीर और मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है। उन्होंने लोगों से कहा कि शाकाहारी भोजन को अपनाना चाहिए और मांसाहार से बचना चाहिए, ताकि लंबा और स्वस्थ जीवन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि घरों में बनने वाला साधारण शाकाहारी भोजन, जिसे लोग अक्सर बेस्वाद मानकर नहीं खाते, वास्तव में स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है।
उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों में लोग स्वाद और सुविधा के कारण मांसाहारी भोजन को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं, मांसाहारी भोजन से हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मोटापा और कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लंबा और स्वस्थ जीवन जीने के लिए शाकाहारी भोजन जैसे दाल, चावल, हरी सब्जियां और सादी रोटी अपनाना बहुत जरूरी है। इनमें उतना ही प्रोटीन और मिनरल होता है जितना कि मांसाहार में होता है। दूसरा ये मांसाहार की तरह शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाते हैं।
शाकाहार के फायदे
डाइटिशियन ने बताया कि शाकाहारी आहार कोलेस्ट्रॉल और रक्तचाप को कम करने में मदद करता है, जिससे हृदय रोगों का जोखिम कम होता है। पौधों पर आधारित भोजन में कैलोरी और संतृप्त वसा कम होती है, जिससे स्वस्थ वजन बनाए रखने या वजन घटाने में मदद मिलती है। कैंसर के जोखिम को कम करता है। फलों, सब्जियों और साबुत अनाज जैसे भरपूर आहार कैंसर के जोखिम को कम कर सकता है, क्योंकि इसमें सुरक्षात्मक एंटी ऑक्सिडेंट और फाइटो न्यूट्रिएंट्स होते हैं। वहीं, बेहतर पाचन के लिए भी शाकाहारी आहार सबसे उत्तम है क्योंकि फाइबर की उच्च मात्रा होती है।