करनाल। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कर्ण पार्क के सामने गुड होप अल्ट्रासाउंड केंद्र पर छापा मारकर भ्रूण जांच कराने वाले दो दलालों को पकड़ा। ये आरोपी 40 हजार रुपये में भ्रूण जांच करते थे। इन आरोपियों के पास से प्रतिबंधित गोलियों से भरा एक बैग भी मिला है। दोनों आरोपियों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीएमओ डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि उन्हें सोशल वर्कर से सूचना मिली थी कि कैथल निवासी एक दलाल नसीब सिंह 40 हजार रुपये में भ्रूण जांच कराता था। सूचना मिलने पर उप सिविल सर्जन परिवार कल्याण डॉक्टर शीनू चौधरी के साथ उप सिविल सर्जन डॉ. अमन कांबोज, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंजपुरा डॉ. अबरोल, लिपिक राहुल, सहायक विकास पांचाल, प्रोजेक्शनिस्ट सुलेख और सुभाष सागवाल की टीम का गठन किया गया। एक गर्भवती महिला को नकली ग्राहक भी बनाया गया। भ्रूण जांच के लिए नसीब सिंह ने सोशल वर्कर से पहले 25 हजार रुपये गूगल पे करा लिए। इसके बाद शनिवार को गर्भवती महिला को पुराने बस स्टैंड लाने के लिए कहा गया। सुबह करीब 9.30 बजे गर्भवती महिला को 15 हजार रुपये दलाल को देने के लिए कहा गया था। सुबह करीब 11 बजे दलाल नसीब सिंह निवासी दयोहरा कैथल और राजेश कुमार न्यायपुरी कॉलोनी कैथल पुराने बस स्टैंड करनाल पर गर्भवती महिला से मिले और 15 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद गर्भवती महिला को कर्ण पार्क के सामने गुड होप डायग्नोस्टिक सेंटर ले जाया गया। जहां एक हजार रुपये की पर्ची भी काटी गई। इसके बाद गर्भवती महिला का अल्ट्रासाउंड किया गया। दलालों ने गर्भवती को गर्भ में पल रहे भ्रूण को लड़की बताया। इसके बाद टीम ने दोनों दलालों को पकड़ लिया। दोनों आरोपियों से मौके पर 14 हजार रुपये बरामद किए गए। दलालों सहित उनके मोबाइल को भी पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बाक्स
भारी मात्रा में कहां से लेकर आए गोलियां
इन दलालों से एक बैग बरामद किया गया है। जिसमें अल्प्राजेलम व ट्रामाडोल गोलियां थीं। फिलहाल यह जांच का विषय है कि ये दोनों दलाल इन गोलियों को कहां से लेकर आए थे और इन गोलियों को इन दलालों ने कहां पर सप्लाई करना था।
वर्जन
भ्रूण जांच कराने वाले दो दलालों को टीम ने कपड़ा है, जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया है। दलालों से पुलिस पूछताछ करेगी और वहीं पता लगाएगी कि इनके साथ और कौन कौन व्यक्ति मिला हुआ है। वहीं अगर कोई भ्रूण लिंग जांच करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
डॉ. योगेश शर्मा, सिविल सर्जन करनाल