गांव कुटेल में हुए दो पक्षों के विवाद में दो दलित परिवारों के मुखिया
वापस गांव में लौट आए हैं। हालांकि परिवार के सदस्य व सामान अभी भी
रिश्तेदारी में है। उधर, पुलिस का दावा है कि माहौल शांतिपूर्ण है और
सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात कर रखी है। बता दें कि रामकिशन व बेनीराम के
साथ एक अन्य समुदाय के लोगों का विवाद हो गया था। मामले में पुलिस ने
कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करके भेज दिया।
मामले को लेकर
पीड़ितों को लगातार धमकियां मिल रही थी और उन पर दबाव बनाया जा रहा था।
आखिरकार दो परिवार गांव छोड़कर चले गए। मधुबन थाना प्रभारी व गांव के मौजिज
लोगों ने मिलकर दोनों पक्षों के लोगों की पंचायत कराई और गांव छोड़ चुके
लोगों को वापस बुलाने पर सहमति बनी। अब तक दोनों परिवारों के मुखिया ही
गांव लौटे हैं, जबकि उनके परिवार के सदस्य बाहर हैं। रामकिशन का कहना है कि
पुलिस पूरी चौकसी बरत रही है, लेकिन उन्हें फिर भी जान का खतरा है। मधुबन
थाना प्रभारी कमलदीप राणा का कहना है कि गांव में माहौल ठीक है और जल्द ही
परिवार के लोगों को भी गांव में लाया जाएगा।