फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना से हेड कांस्टेबल समेत दो की मौत, असंध विधायक समेत 112 नये संक्रमित मिले

विज्ञापन
विज्ञापन
जिले में शनिवार को कोरोना से दो और मरीजों की मौत हो गई। इनमें एक हेड कांस्टेबल भी शामिल है। वहीं असंध से कांग्रेस विधायक शमसेर सिंह गोगी समेत 112 नये संक्रमित मिले हैं। विधायक को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में दाखिल कराया गया है। राहत की बात ये है कि एक ही दिन में 71 मरीजों ने महामारी को मात भी दी है।
विज्ञापन

सिविल सर्जन के अनुसार अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से संदिग्ध कुल 65442 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए, जबकि इनमें से 57807 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है तथा 6440 मामले पाजिटिव हैं। इनमें से 4461 मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए हैं, जबकि 1889 केस अभी एक्टिव हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को मिले 112 मामलों में 52 केस एंटीजन टेस्ट से तथा 60 केस आरटीपीसीआर से पाए गए हैं। वहीं डिटेक्टिव स्टाफ में तैनात हेड कांस्टेबल की मौत हो गयी है। उनको हालत खराब होने पर मेडिकल कालेज में दाखिल कराया गया था। परिजनों के अनुसार, उसे तीन दिन से बुखार आ रहा था। जब उसे मेडिकल कालेज में लाया गया तो गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में दाखिल कराया गया और वेंटिलेटर भी दिया गया, लेकिन कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। इसी प्रकार, सदर बाजार निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग को 5 सितंबर से बुखार आ रहा था, 8 को वह कोविड पाजिटिव पाये गए। 10 सितंबर को परिजनों ने उसे मोहाली के निजी अस्पताल में दाखिल करा दिया। वहां उसे वेंटिलेटर दिया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं आया। इस पर परिजन वापस उसे कल्पना चावला मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य और नगर निगम की टीम की ओर से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों के अंतिम संस्कार करा दिये गये। विदित हो कि अब तक पुलिस के तीन जवानों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
कहां-कहां मिले संक्रमित
कल्पना चावला मेडिकल कालेज का गार्ड, सुविधा गारमेंटस का कर्मचारी, लिबर्टी का कर्मी, बिजली निगम से एक, मधुबन पुलिस अकादमी से एक, अर्पणा अस्पताल से एक, केनरा बैंक से दो कर्मचारी, सरकारी अध्यापक, सेक्टर-13 से एक दुकानदार, तनिष्क ज्वैलर्स कर्मी संक्रमित मिले हैं। साथ ही आंगनबाड़ी वर्कर, पीएनबी एंड सिंध बैंक कर्मी, सीएचडी सिटी से एक, कारपेंटर, वकील समेत छात्र और मजदूर भी कोरोना पाजिटिव मिले हैं।
विज्ञापन

कुंजपुरा रोड पर दूसरे दिन भी सैंपल देने से इंकार, दुकानें की बंद
लगातार दूसरे दिन कुंजपुरा रोड स्थित दुकानदारों ने अपने सैंपल नहीं दिये। शनिवार को फिर से स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल वैन और टीम यहां पर पहुंची, लेकिन वैन को देखते ही दुकानदारों ने दुकानें बंद कर ली। टीम के सदस्यों ने बार-बार दुकानदारों से अपील की कि वे अपना सैंपल दें, लेकिन कुछ ही लोगों ने अपने सैंपल दिये। बता दें कि शुक्रवार को भी ऐसा ही हुआ था और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें