खनन माफिया द्वारा घरौंडा क्षेत्र में डीएसपी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करने के मामले के बाद हरियाणा के गृह मंत्री के तेवर बदमाशों के खिलाफ और सख्त हो गए है। उन्होंने सोमवार की रात करनाल पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक गंगा राम पूनिया से कहा कि ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तो इनकी हिम्मत बढ़ती जाएगी। मेरा नाम लो और ठोक दो।
दिल्ली से अंबाला जाते समय हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज करनाल में भी रुके। उन्होंने यहां कर्ण लेक पर अपने मित्र शशिपाल मेहता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एसपी गंगाराम पूनिया से खनन माफियाओं पर कार्रवाई से संबंधित बातचीत की। उन्होंने चलते चलते एसपी से कहा कि खनन मामले में सख्त कार्रवाई की जाए, अन्यथा ऐसे लोगों की हिम्मत बढे़गी। इसलिए मेरा नाम लो और ठोक दो।
बाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध खनन मामले में पांच लोग पकड़े गए हैं और कौन कौन शामिल हैं पता लगाया जा रहा है। किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पहले भी ऐसा मामला सामने आया था तो भी उन्होंने कड़ी कार्रवाई की थी।
बजट पर पूछे सवाल पर अनिल विज ने कहा कि सरकार पूरी तरह तैयार है। सरपंचों के ई-टेंडरिंग को लेकर विरोध पर कहा कि मुख्यमंत्री जी इस पर चर्चा कर रहे हैं। कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान पर कहा कि पहले कांग्रेस खुद तो हाथ मिला ले। भूूपेंद्र सिंह हुड्डा, सैलजा से हाथ मिला लें, सुरजेवाला, किरण चौधरी से हाथ मिला लें, जब इनके ही हाथ नहीं मिले तो दूसरों से हाथ कैसे मिलाएंगे।
अभय चौटाला की पदयात्रा पर बोले कि अच्छा है, जिसके पास खाली समय है तो वह निकाल रहा पदयात्रा। हरियाणा की राजनीति पर कहा कि गठबंधन की मजबूत सरकार चल रही है। मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार चल रही है, जनता का समर्थन भाजपा को हासिल है।