संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पूर्व डिप्टी मेयर मनोज वधवा के गोदाम में घुसकर कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, मोबाइल सहित लाखों रुपये की नकदी चोरी हो गई। वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज खंगाली और मनोज वधवा की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहर के पूर्व डिप्टी मेयर मनोज वधवा का सेक्टर- 32-33 में घी और खाद्य तेल का गोदाम है। सोमवार को गोदाम में बने केबिन की सफाई करने गए कर्मी ने गोदाम पर तैनात गार्ड को इसकी सूचना दी। जिसके बाद गार्ड ने घटना की सूचना मनोज वधवा को दी। जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे तो केबिन का सामान बिखरा था। रात को चोरों ने छत से केबिन का शीशा तोड़कर गोदाम में प्रवेश किया और कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, मोबाइल, साइन की हुई चेकबुक सहित करीब सवा लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। सेक्टर 32-33 थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो एक युवक सोमवार रात करीब डेढ़ बजे केबिन का शीशा तोड़कर अंदर घुसता दिखाई दिया। इसके बाद वह अंदर रखी सवा लाख रुपये नकदी व कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, कुछ मोबाइल फोन व अन्य दस्तावेज चोरी करता दिखा।
जानकार पर शक
पूर्व डिप्टी मेयर मनोज वधवा ने बताया कि यह कार्य किसी भी अनजान व्यक्ति का नहीं हो सकता, चूंकि चोर को पता था कि किस केबिन में नकदी व कंप्यूटर रखे हैं। यह किसी भेदी का ही काम हो सकता है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।