- जन्मोत्सव पर किए सुंदरकांड के पाठ और मंदिरों में हुए अनुष्ठान व भंडारे
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में हनुमान जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर के हर छोटे-बड़े मंदिरों में सुंदरकांड का पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। सेक्टर-13 के श्रीगीता मंदिर में भी शाम के समय श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। श्रीगीता मंदिर के प्रधान कैलाश गुप्ता और अन्य श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड का पाठ किया। इस अवसर पर मंदिर की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुंदर कांड के दौरान कलाकारों ने हनुमान जी की झांकियां निकालीं।
सेक्टर सात के कर्णेश्वरम महादेव मंदिर में भी शाम के समय श्री सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें साध्वी दिवेशा भारती ने सुंदरकांड पाठ किया। उन्होंने, मेरे अंगना में खेले री छोटे से बाला जी... और नन्हें नन्हें घुंघरू छोटे से मेरे बालाजी... भजन गाकर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। सुंदरकांड के पाठ का दीप जलाकर प्रधान मनोज मित्तल, आरके शर्मा, संदीप जिंदल और अज्य गुप्ता ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर सभी भक्तों ने हनुमान जी को सिंदूर चढ़ाया और माथा टेका। कार्यक्रम के बाद आयोजित भंडारे में सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर सीपी गोयल, सीए प्रवीण मित्तल, सीए नवदीप मित्तल, प्रवीण गर्ग, बिमल बंसल, नीरज गर्ग, अमित गुप्ता, अनिल गोयल, विकास बंसल, विकास अग्रवाल और अनिल वधवा के साथ अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हनुमान गली के हनुमान मंदिर में मित्तल परिवार की ओर से दोपहर को हनुमान जी की आरती की गई और शाम को सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया गया। सुंदर कांड का पाठ हिमांशु शर्मा और उनकी टीम ने किया। इस अवसर पर अमरजीत मित्तल ने बताया कि शाम को सुंदर कांड के पाठ के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।