हनुमान जी की मूर्ति खंडित कर तालाब में फेंकी, हंगामा
- पंचायती जमीन में लगी थी मूर्ति, अज्ञात लोगों के खिलाफ केस
संवाद न्यूज एजेंसी
तरावडी। शामगढ़ में हनुमान जी की मूर्ति खंडित कर शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। पंचायती जमीन में स्थापित यह मूर्ति तालाब में फेंक दी गई। जिसके बाद लोग भड़क गए और मौके पर पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर डीएसपी मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच पुलिस और लोगों के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
शामगढ़ की पंचायती जमीन में हनुमान जी की मूर्ति स्थापित की गई थी। ग्रामीण राजपाल बबली ने बताया कि शनिवार सुबह जब वह घर से निकला तो पंचायती जमीन में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति खंडित थी। मूर्ति के टुकड़े भी वहां नहीं थे। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया और हनुमान जी की खंडित मूर्ति के टुकड़ों को तालाब से बरामद किया।
जमीन पर है विवाद
ग्रामीणों का कहना है कि यह पंचायती जमीन है। जिस पर दूसरे पक्ष के लोगों का कब्जा है। जमीन का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। पंचायती जमीन होने के चलते हमने कुछ समय पहले ही यहां पर पूजा के लिए हनुमान जी की मूर्ति स्थापित की थी। जबकि दूसरे पक्ष के लोग इस बात से खुश नहीं थे।
डीएसपी साेनू नरवाल ने बताया कि मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति की अपील की। तालाब के अंदर से मूर्ति के टुकड़े बरामद किए हैं। अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।