माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। इग्नू की जनवरी 2026 सत्र की दाखिला प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत एससी-एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को इस बार इग्नू ने दाखिले में आधी फीस माफ की छूट दी है। जबकि पहले यह शत प्रतिशत नि:शुल्क दाखिले का मौका दिया जाता था। इस बार से इस वर्ग के विद्यार्थियों को इग्नू से बीए, बीकॉम और बीएससी की पढ़ाई करने के लिए 50 प्रतिशत फीस का भुगतान करना होगा। इस वर्ग के विद्यार्थियों को दाखिले का ऑनलाइन फार्म भरते समय अपना जाति प्रमाणपत्र और आय प्रमाणपत्र अपलोड करना होगा।
माता-पिता/अभिभावकों की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आंकड़ों पर नजर डालें तो इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के अंतर्गत पिछले पांच वर्षों में लगभग 70 हजार एससी-एसटी विद्यार्थियों ने इग्नू से उच्च शिक्षा हासिल की। इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी डॉ. धर्म पाल ने बताया कि कॉलेज में रेगुलर डिग्री करने के साथ साथ इग्नू से विभिन्न तरह के कौशल आधारित डिप्लोमा पाठ्यक्रम या कोई भी डिग्री कर सकते हैं। इग्नू अनेक तरह के ऐसे पाठ्यक्रम करवाती हैं जिन्हें करके विद्यार्थी अपनी रेगुलर डिग्री के साथ अपनी रुचि के हिसाब से अपने कौशल को भी बढ़ा सकते हैं। इग्नू कंप्यूटर संबंधित, भोजन एवं पोषण संबंधित, समाज कार्य संबंधित, शिक्षा संबंधित, मनोविज्ञान संबंधित, डिजास्टर मैनेजमेंट संबंधित, टूरिज्म संबंधित आदि विभिन्न तरह के 230 पाठ्यक्रम कराता है।
आयु की सीमा नहीं
प्रवेश के लिए कोई भी अधिकतम आयु सीमा नहीं है। दाखिले के लिए उम्मीदवारों को फोटोग्राफ, हस्ताक्षर, शैक्षिक योग्यता के प्रमाणपत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, श्रेणी प्रमाण पत्र, आयु प्रमाणपत्र और बीपीएल प्रमाण पत्र (योग्य होने पर) की स्कैन की गई कॉपी की जरूरत होगी। उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म में अध्ययन का तरीका, प्रोग्राम का प्रकार, मुख्य विषय की जानकारी भरनी होगी। आवेदन फॉर्म में गलती होने पर उसे सुधारने का मौका दिया जाएगा।
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
इग्नू में दाखिला लेने के लिए छात्र आधिकारिक वेबसाइट ignouadmission.samarth.edu.in पर जाएं और होमपेज पर दिए गए फ्रेश एडमिशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना व्यक्तिगत विवरण जैसे ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर आदि डालें और मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें। इसके बाद ऑनलाइन माध्यम से डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड से अपनी दाखिला फीस का भुगतान कर सकते हैं। दाखिला प्रक्रिया में उम्मीदवार द्वारा दर्ज किया गया नाम और अन्य विवरण शैक्षिक दस्तावेजों के समान होना चाहिए।
इग्नू में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए यूजीसी डेब आईडी बनाना अनिवार्य है। विद्यार्थी समय रहते दाखिले के लिए आवेदन जरूर करें। - डॉ. धर्म पाल, निदेशक, क्षेत्रीय निदेशक इग्नू