संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। चार माह के इंतजार के बाद शुक्रवार की सुबह सीईटी परीक्षा परिणाम जारी हुआ। अभ्यर्थियों में अपने परिणाम को लेकर काफी उत्साह था। परिणाम आते ही वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक से दिक्कत आने लगीं। वेबसाइट खुलने में काफी देर लग रही थी। हैंग होने के साथ क्रेश होने की दिक्कत भी आई। कई युवाओं ने स्वयं तो वहीं कई ने सीएससी केंद्रों पर जाकर अपने परिणाम खोजे। अभ्यर्थियों का कहना है कि काफी इंतजार के बाद परिणाम घोषित किया गया लेकिन उम्मीद है कि आगामी प्रक्रिया के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
फार्मासिस्ट विभाग में नौकरी की चाहत
गृहणी मीनाक्षी ने बताया कि वह सीईटी की परीक्षा देने के लिए पिछले तीन साल से तैयारी कर रही थीं। इस बार उन्हें पूरी उम्मीद थी कि पास हो जाएंगी। उनकी शादी हो चुकी है। परिवार को उनसे बेहद उम्मीद है। परिवार की जरूरत और उनके भरोसे को देखते हुए परीक्षा देने के लिए कई-कई घंटे पढ़ाई की। उन्होंने परीक्षा पास कर ली। वह भविष्य में फार्मासिस्ट विभाग में नौकरी प्राप्त करना चाहती हैं।
-
कृषि विभाग के लिए देंगी अगली परीक्षा
बीएससी की छात्रा नैंसी ने बताया कि उन्होंने पहली बार सीईटी की परीक्षा दी थी। परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने बताया कि उन्हों एक साल परीक्षा की तैयारी की थी। यूट्यूब और किताबों का सहारा लिया। उन्होंने बताया कि अब वह आगे की परीक्षा के लिए स्वयं को तैयार करेंगी। जिसमें और भी अधिक अंक लाने का प्रयास रहेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बागवानी विषय पर बीएससी कर रही हैं। भविष्य में कृषि विभाग में जाने के लिए परीक्षा की तैयारी की जाएगी।
-
इंजीनियरिंग विभाग में नौकरी की है इच्छा
बीसीए की छात्रा शिवानी ने बताया कि वह इंजीनियरिंग विभाग में सरकारी नौकरी करना चाहती हैं। शिवानी ने बताया कि वह परिवार में दो बहनें हैं। पिता का सपना है कि बेटियां सरकारी नौकरी करें। पिता का सपना पूरा करने के लिए सीईटी की परीक्षा दी। अब इंजीनियरिंग विषय पर ही अधिक मेहनत करनी है ताकि अगली परीक्षा पास हो सके।
-
सरकारी विभाग में बनना चाहती हैं प्रबंधक
रघुवीर जोशी ने बताया कि वह निजी कंपनी में प्रबंधक का काम करते हैं। उन्होंने बीबीए से अपनी शिक्षा उत्तीर्ण की है। शुरू से लक्ष्य सरकारी विभाग में प्रबंधक की नौकरी का रहा है। रघुवीर ने बताया कि वह अपने परिवार के इकलौते बेटे हैं, पिता ने दिहाड़ी मजदूरी कर पढ़ाया, इसलिए यह सपना है कि उन्हें भविष्य में परेशानी न आए। इसलिए अब अगली परीक्षा के लिए और भी अधिक मेहनत कर परीक्षा पास करने का प्रयास होगा।