संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नवनियुक्त प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने शनिवार को कहा कि गुरु अर्जन देव ने अत्याचार के विरुद्ध सत्य, धर्म और मानवता के मार्ग पर अडिग रहते हुए बलिदान दिया। उनका जीवन त्याग, सेवा और सहनशीलता की मिसाल है।
शीशगंज गुरुद्वारे में पहुंचे जगदीश सिंह झींडा ने सबसे पहले गुरु के दरबार मेंं मत्था टेककर अरदास की। इसके बाद उन्होंने कॉमर्स संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कैथल जिले के अर्पणदीप सिंह को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
झींडा ने कहा कि ये होनहार विद्यार्थी हरियाणा के लिए गौरव का विषय हैं और युवा पीढ़ी को प्रेरणा देने वाले आदर्श बनकर उभरा है। उन्होंने गुरुओं के आदर्शों को अपनाने और मानवता की सेवा में समर्पित रहने का भी संदेश दिया। एक सवाल के जवाब में प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी शिक्षा को भी समर्पित है। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र को बढ़ावा दिए जाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। यही नहीं, गुरुद्वारों की सेवा और रख-रखाव संभाल के लिए भी कमेटी अच्छे इंतजाम करेगी। इस अवसर पर मैनेजमैंट कमेटी की सदस्य बीबी कपूर कौर सौंकड़ा, करनैल सिंह निमरबाद, गुरनाम सिंह लाडी, गुलाब सिंह मुणक, बलविंद्र सिंह भिंडर, बलदेव सिंह आदि मौजूद रहे।