संवाद न्यूज एजेंसी
साढ़ौरा। गुरु गोबिंद सिंह जी के परम सेवक बाबा पीर बुधु शाह जी की 321वीं शहादत को समर्पित सामूहिक तौर पर गुरमत समागम का आयोजन होगा। हर साल की तरह इस साल भी 29 मार्च को साढौरा अनाज मंडी में शहीद पीर बुधु शाह जी का 321वां गुरमत समागम बड़ी श्रद्धा, भावना एवं उत्साह से मनाया जाएगा।
इस दौरान पीर बुधु शाह प्रोडक्शन के निदेशक विनर सिंह ने बताया कि हर वर्ष साढौरा अनाज मंडी में सालाना गुरमत समागम मनाया जाता है। इसमें हजारों की संख्या में सिख संगत दूर-दराज से पहुंचती है। इस बार भी बाबा जोरावर सिंह, बाबा फतेह सिंह खालसा दल द्वारा यह समागम 29 मार्च को साढौरा अनाज मंडी में करवाया जाएगा। इसके लिए इलाके की संगत द्वारा मीटिंग कर कार्यक्रम के लिए चर्चा की गई।
समागम की तैयारियों के लिए अनाज मंडी में कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया गया। गुरमत समागम में इंटरनेशनल ढाडी जत्था भाई गुरप्रीत सिंह लांडरा वाले, भाई तनवीत सिंह चंडीगढ़ वाले, कथावाचक भाई सुखदेव सिंह डल्ला, वॉयस ऑफ पंजाब मोहम्मद इरशाद, भाई मनी सिंह पिहोवा, भाई सिमरनजीत सिंह प्रचारक, भाई मन्ना सिंह के अलावा संत महापुरुष एवं अन्य पंथ की महान शख्सियतें पहुंच रही हैं। इस मौके पर गुरु का अटूट लंगर भी वितरित किया जाएगा।