जीटी रोड बुटाना गांव के समीप टैंकर चालक द्वारा बाइक सवार को कुचलने से हुई व्यक्ति की मौत मामले में लोगों को जाम लगाना महंगा पड़ गया है। बुटाना थाना पुलिस ने विरोध जता रहे 30 महिलाओं और 70 पुरुषों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और जीटी रोड जाम करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
हादसे के बाद ग्रामीणों का विरोध जताने का कारण था कि उन्हें जीटी रोड से रास्ता नहीं मिल रहा है। इससे वाहन चालकों को रांग साइड चलकर गांव की तरफ जाना पड़ता है। यही कारण है कि आए दिन यहां पर हादसे हो रहे हैं और प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। मंगलवार को बुटाना गांव के समीप तेल के टैंकर ने एक बाइक सवार को कुचल दिया था। मौके पर ही बुटाना वासी पूर्ण चंद (55) की मौत हो गई थी।
मौत की सूचना पर ग्रामीण इकट्ठा हुए और जाम लगा दिया। इस मामले में बुटाना थाना पुलिस ने एसआई हरी किशन की शिकायत पर विरोध जता रहे राजू, सुनील, सतबीर, कृष्ण, सोनू, कृष्ण सहित 30 महिलाएं और 70 पुरुष वासी बुटाना के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एसआई हरीकिशन ने बताया कि मंगलवार को आरोपियों ने मिलकर बुटाना के पास एनएच-1 पर जाम लगाया। पुलिस कर्मियों से मारपीट और गलत व्यवहार किया व सरकारी कर्मचारी के कार्य में बाधा डाली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।