करनाल। नवगठित जिला कार्यकारिणी की बैठक में रविवार को क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल पहुंचे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा की नीतियों के साथ-साथ अपने क्षेत्रों में कैसे सरकार की उपलब्धियां पहुंचाते हुए कार्य करना है, इसकी सीख दी। छह सत्रों में आयोजित बैठक के पांचवें चरण में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शीघ्र जीएसटी सुधार करेगी, जिसे अक्तूबर 2025 तक लागू किया जाएगा। सरकार माल और सेवा कर संरचना को संशोधित करके आवश्यक वस्तुओं पर दरों को कम करेगी और घरों और छोटे व्यवसायों को लाभ पहुंचाने के लिए स्लैब को सुव्यवस्थित करेगी।
जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में भाजपा के इतिहास विकास, संगठनात्मक विस्तार एवं बूथ पर होने वाले कार्यक्रम, प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाएं सेवा पखवाडा एवं पंच परिवर्तन पर चर्चा की गई। इसमें कुछ प्रस्ताव भी पारित किए गए। दूसरे सत्र में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, तीसरे सत्र में असंध विधायक योगेंद्र राणा, चौथे सत्र की जिम्मेदारी इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप ने संभाली। बैठक में स्वदेशी अपनाओ और देश को सशक्त बनाने को लेकर आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का प्रस्ताव भी पास किया गया। ब्यूरो