फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्रवाई के लिए एक घंटे घरौंडा थाने का घेराव

Wed, 25 Sep 2013 10:51 PM IST
करनाल
विज्ञापन
विज्ञापन
बिजली विभाग की टीम पर कार्रवाई नहीं करने के विरोध में क्षेत्र के लोगों ने पुलिस और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर बवाल काटा। विरोध जता रहे लोगों ने करीब एक घंटे तक थाने का घेराव किए रखा।
विज्ञापन


लोगों में दोनों विभागों के प्रति आक्रोश भांपकर थाना प्रभारी विजय मलिक ने मामले की निष्पक्षता से जांच कराने का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत करवाया। मंगलवार को फाटक पार क्षेत्र में मनप्रीत के डेरे पर बिजली निगम की टीम ने रेड की थी। मनप्रीत के अनुसार वह रात को रेड के समय घर पर नहीं थे। उनकी पत्नी और बच्चे घर में अकेले थे।

बाहर से दरवाजा बंद होने के बावजूद बिजलीकर्मी दीवार फांदकर उसके घर में कूदे। पत्नी ने पूछा तो उससे बदतमीजी की गई। शोर मचाने पर बिजली कर्मी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने इस मामले में बिजलीकर्मियों की शिकायत पर मनप्रीत पक्ष के आठ लोगों पर मामला दर्ज कर लिया।
विज्ञापन


मनप्रीत पक्ष की शिकायत पर बिजलीकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। ऐसा होने पर बिजली कर्मी और पुलिस के खिलाफ क्षेत्र के लोग भड़क गए। परेशान लोग दोहपर में एकत्रित हो गए और नारेबाजी करते हुए थाना घरौंडा जा पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने करीब एक घंटे तक थाने का घेराव किए रखा। जमकर नारेबाजी की। कड़ा विरोध होने और मामला तूल पकड़ता देख थाना प्रभारी ने आनन फानन में किसी तरह लोगों को निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन देकर शांत किया।

ऑटो पलटने से एक की मौत, 25 घायल
अराइपुरा रोड पर बुधवार को तिपहिया वाहन पलटने से एक की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए। घायलों को घरौंडा के अस्पताल में उपचार दिलाया गया। मृतक की पहचान अराइपुरा वासी तीस वर्षीय रामपाल के रूप में हुई है।

करीब दस लोगों को चोट अधिक आने के कारण उन्हें करनाल रेफर किया गया है। दोपहर बाद एक ऑटो घरौंडा से सवारियां भरकर अराइपुरा जा रहा था। रास्ते में अचानक ऑटो के सामने कुत्ता आने से संतुलन बिगड़ गया और ऑटो पलट गया। राहगीरों की मदद से घायलों को ऑटो से बाहर निकाला गया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

जहर से महिला की मौत
तरावड़ी के गांव गांगर की महिला की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीली दवा गटकने से मौत हो गई। 45 वर्षीय महेश रानी ने बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जहर गटक लिया था।

परिजनों ने उसे उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया लेकिन कुछ ही देर में महिला ने दम तोड़ दिया। डॉ. राजीव गुप्ता ने बताया कि महिला की हालत काफी चिंताजनक थी, केवल आधा घंटा ही उपचार को पाया था कि उसने दम तोड़ दिया।

उधर, पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। वीरवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

मानसिक रूप से परेशान युवक ने लगाया फंदा
गांव बुढ़ा खेड़ा में मानसिक परेशानी के चलते एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई सहारनपुर के गांव खेड़ा अफगान निवासी मोहम्मद मोबिन के बयान पर कार्रवाई की है।

मूल रूप से सहारनपुर के खेड़ा अफगान का रहने वाला 26 वर्षीय खुशनूद उर्फ काला पिछले काफी समय से करनाल के बुढ़ा खेड़ा गांव में किराए का कमरा लेकर रहता था। दिमागी परेशानी के चलते मंगलवार देर शाम खुशनूद ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया।

जांच अधिकरी हवलदार धर्मपाल ने बताया कि खुशनूद बुढ़ाखेड़ा में रहते हुए सांप पकड़ने का काम करता था।

कॉलेज छात्र पर जानलेवा हमला
शहीद ऊधम सिंह कॉलेज के बीए प्रथम वर्ष में पढ़ने वाले छात्र को कुछ युवकों ने हमला कर घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। गांव बदरपुर निवासी सचिन शहीद ऊधम सिंह कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र है।

कुछ युवकों ने उस पर घेरा डाल हमला कर दिया। हमले में बुरी तरह से घायल हुए सचिन को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस को शिकायत कर दी गई है। उधर, कॉलेज प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया है। कॉलेज की ओर से कहा गया है कि यदि हमलावर कॉलेज छात्र होंगे तो कार्रवाई की जाएगी।

थाना इंद्री प्रभारी गौरव पूनिया ने बताया कि कॉलेज में कुछ युवकों की ओर से एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। घायल युवक के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यमुना नहर से मिला लापता का शव
चार दिन से लापता वृद्ध का शव नीलोखेड़ी पुलिस ने नड़ाना के पास पश्चिमी यमुना नहर से बुधवार को बरामद किया है। यहां फोरेंसिक एक्सपर्ट नहीं होने पर शव को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। नीलोखेड़ी के सांभी का रहने वाला 50 वर्षीय मेहर सिंह पिछले चार दिन से लापता था।

नीलोखेड़ी पुलिस ने 22 सितंबर को उसके परिजनों के बयान पर मामला दर्ज किया था। बुधवार को पुलिस ने नड़ाना की पश्चिमी यमुना नहर से शव बरामद कर लिया। नीलोखेड़ी चौकी प्रभारी मनोज वर्मा ने बताया कि मेहर सिंह पिछले काफी समय से बीमार था। 22 सितंबर को उसके परिजनाें के बयान पर गुमशुदगी की रपट दर्ज की गई थी।

आपसी झगड़े में एक गुट के सात जख्मी
गांव पोपड़ा में बुधवार सुबह दो गुटों में आपसी लड़ाई के चलते एक ही पक्ष के सात लोग घायल हो गए है। घायलों को असंध के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल हरकेश, अमित, करण, भाग सिंह, संजीव, कमला, निर्मला, केशनी ने बताया कि सुबह वह अपने घरों में बैठे थे कि उनके पड़ोसियों ने अचानक ईंटों, डंडों से धावा बोल दिया। पुलिस को इस मामले की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

आवर्धन नहर से शव बरामद
इंद्री थाना पुलिस ने आवर्धन नहर से 35 वर्षीय युवक का अज्ञात शव बरामद किया है। शव पहचान के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में रखा गया है। पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश मेें जुटी है। जांच अधिकारी दलजीत सिंह ने बताया कि मृतक की आयु 35 वर्ष है। मृतक ने पेंट व कमीज पहनी हुई है। जांच अधिकारी ने बताया कि हालत देखकर लगता है कि शव एक सप्ताह पुराना है और पानी के बहाव में पीछे से बहकर आया है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें