पंचायत भवन के सभागार में आयोजित हुआ अटल भूजल योजना के तहत खंड स्तरीय प्रशिक्षण समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पंचायत भवन के सभागार में अटल भूजल योजना करनाल की ओर से खंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें खंड करनाल के 41 गांवों की भूजल सहेलियों को सम्मानित किया गया। जिसमें मुख्य रूप से कार्यकारी अभियंता रणवीर सिंह ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि भूजल बचाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास करने होंगे। विशेषकर गांव स्तर पर भूजल बचाने की मुहिम को जनांदोलन का रूप देना होगा तभी हम उम्मीद कर सकते हैं कि हम भूजल बचाने में कुछ हद तक कामयाब होंगे।
उन्होंने बताया कि अटल भूजल योजना करनाल जिला के खंड करनाल के 41 गांवों में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा सफलता पूर्वक क्रियान्वित की जा रही हैं। 41 गांवों में 45 भूजल सहेलियां जमीनी स्तर पर योजना को आम लोगों के साथ जोड़ने का कार्य कर रही हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अटल भूजल योजना के सूचना शिक्षा एवं संचार विशेषज्ञ राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अटल भूजल योजना की शुरूआत केंद्र सरकार द्वारा क्यों की गई, योजना को लागू करने के पीछे क्या उद्देश्य क्या रहा।
अटल भूजल योजना अभी भारत के सात राज्यों में चलाई जा रही हैं और हरियाणा के 14 जिलों में 36 खंडों में चली हुई हैं। जिला करनाल के खंड करनाल के 41 गांवों में समुदाय की भागीदारी के साथ आगे बढ़ रही हैं। गांव स्तर पर भूजल जनांदोलन को बल देने की दिशा में गांव स्तर पर भूजल सहेलियां नियुक्त की गई है जो ग्रामीण आंचल में लोगों के व्यवहार बदलने के लिए प्रयासरत हैं। जो कि निस्वार्थ भाव से स्वयंसेवी के रूप में भूजल बचाने के लिए पावन यज्ञ में अपनी निर्णायक भूमिका निभा रही हैं।
भूजल सहेलियां ग्रामीणों के बीच में घर-घर भूजल बचाने के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही हैं। इस दौरान भूजल बचाव व संरक्षण पर प्रतिभागियों को शपथ भी दिलाई गई। इस मौके पर भू विशेषज्ञ बलराम शर्मा, मास्टर ट्रेनर पिंकी, कृषि विभाग के विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार, डॉ. गौरव मौजूद रहे।