माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर के सेक्टर-32 की सड़कों के किनारों का स्वरूप बदलने वाला है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की बागवानी विंग यहां सड़क किनारे हरियाली विकसित करेगी। फुटपाथ बनाए जाएंगे। योजना पर करीब 32 लाख रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है।
सेक्टर-32 की इन साइटों के आसपास काफी क्षेत्र लंबे समय से खाली और अव्यवस्थित पड़ा है। यहां झाड़ियां उगी होने और अवैध कब्जों की आशंका के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी होती रही है। अब इस जमीन को विकसित कर सुंदर और सुरक्षित बनाया जाएगा। विभाग की बागवानी विंग की ओर से ग्रीन बेल्ट और पार्क की जगहों को व्यवस्थित कर वहां घास, फूलों के पौधे, छायादार पेड़ और सजावटी पौधे लगाए जाएंगे।
साइटों की सुरक्षा के लिए स्क्वेयर बार ग्रिल लगाई जाएगी। सीमांकन दीवार बनाई जाएगी। प्रवेश-निकास के लिए एमएस के गेट लगाए जाएंगे। इससे अवैध अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लग सकेगी। बारिश से बचाव के लिए आश्रय स्थल बनाए जाएंगे। सड़क किनारे पैदल चलने वालों के लिए चेकर टाइलें लगाकर फुटपाथ तैयार किए जाएंगे।
बागवानी विंग के जेई विकास कुमार ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य शहर के सेक्टरों में खाली जमीन को विकसित कर हरित क्षेत्र बढ़ाना और अवैध कब्जों को रोकना है।