माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। धान का उठान धीमी गति से होने के कारण अनाज मंडी भर चुकी हैं। जिसकी वजह से मंडी को एक बार फिर दो दिन के लिए बंद रखने का फैसला लिया गया है। वीरवार को भी मंडी बंद रही और शुक्रवार को भी रहेगी। इससे पहले भी मंडी रविवार और सोमवार को बंद रह चुकी है। मंगलवार और बुधवार को दो दिन खरीद के बाद फिर से दो दिन के लिए मंडी बंद करने का निर्णय लिया गया है।
मार्केट कमेटी सचिव का दावा है कि मंडी फुल है। उठान चल रहा है। इसलिए दो दिन तक मंडी को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। यूपी की ओर से आने वाले धान को प्रतिबंधित कर दिया गया है। जो ट्रॉलियां आती हैं उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया जाता है। दूसरी ओर जिला प्रशासन का दावा है कि जिले की विभिन्न मंडियों में अब तक 9 लाख 15 हजार 609 मीट्रिक टन धान की आवक हुई है, जिसमें से खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से 613294 मीट्रिक टन, हैफेड की ओर से 183621 व हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन की ओर से 118694 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। मंडियों से धान उठान का कार्य सरकारी खरीद एजेंसियों को समय पर कराने के आदेश दिए गए हैं।
मंडी में उठान और गेट पास काट रहे जाली
गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि करनाल अनाज मंडी से भी उनके पास शिकायतें आई हैं कि यहां फर्जी गेट पास काटे जा रहे हैं। फर्जी उठान हो रहा है। केवल रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की जाती है। उन्होंने बताया कि उन्हें मार्केट कमेटी सचिव आशा रानी से जवाब मिला है कि पिछले सीजन मंडी में 15.22 लाख टन धान की आवक हुई जो अब तक 15.73 लाख तक पहुंच गई है। चढूनी ने कहा कि यहां ट्रक आते हैं फर्जी गेट पास कटवा, उठान की पर्चियां बनवा राइस मिल चले जाते हैं। कुछ घंटे बाद फिर आते हैं। मार्केट कमेटी सचिव ने कहा कि मंडी से बाहर से धान नहीं आ रहा है। वे केवल यहां के किसानों के गेट पास काटते हैं।