राजकीय मिडिल स्कूल सेक्टर-6 के बच्चों को गंदगी की समस्या से निजात मिल गई है। शिक्षा विभाग और स्कूल प्रशासन की निष्क्रियता की वजह से स्कूल परिसर गंदगी से आश्रय स्थल बनकर रह गया था। अमर उजाला ने विद्यार्थियों की समस्या को ध्यान में रखकर इस समस्या पर मुहिम चलाई। वीरवार को वार्ड की पार्षद मेघा भंडारी ने नगर निगम की टीम बुलाकर स्कूल परिसर की सफाई करवाकर कचड़ा उठवाया। इसके साथ ही उन्होंने रोजाना की सफाई के लिए एक कर्मचारी की ड्यूटी निश्चित कर दी है।
स्कूल खुलने के बाद वीरवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे पार्षद मेघा भंडारी नगर निगम की सफाई टीम को लेकर पहुंची। सफाई टीम के सदस्याें ने स्कूल परिसर की सफाई की और कचरे को एक स्थान पर लगाया। सफाई कर्मचारियों ने तीन घंटे तक स्कूल परिसर की सफाई कर कचरे को उठाया। स्कूल की छुट्टी के बाद दोबारा से वाटर हारवेस्टिंग के लिए की गई खुदाई से निकली मिट्टी को उठाया गया।
यह है मामला
गत सप्ताह वीरवार को सेक्टर-6 स्थित राजकीय विद्यालय में पार्षद मेघा भंडारी और बीईओ चंद्रेश विज ने छापा मारा था। इस दौरान स्कूल की प्रिंसिपल गैर हाजिर मिली थी। स्कूल में बच्चों को दिए जाने वाले मिड-डे मील की भी जांच की गई तो गेहूं और चावल में कीड़े रेंगते मिले। अभिभावकों ने भी प्रशासन और स्कूल के प्रति गहरा रोष प्रकट किया था। अगले ही दिन स्कूल ने खराब राशन को बाहर कर दिया था। जो ठीक था को धूप में सूखाने के बाद दोबारा से प्रयोग किया जाने लगा। पूरी जिम्मेदारी स्कूल इंचार्ज को ठहराकर शिक्षा विभाग ने शनिवार को सस्पेंड कर दिया लेकिन सफाई की कोई व्यवस्था नहीं की थी।
रोजाना सफाई के लिए पहुंचेगा कर्मी
पार्षद मेघा भंडारी ने बताया कि वीरवार को पूरे स्कूल की सफाई करवाई गई है। स्कूल में फिनाइल, सफाई के लिए झाडू़ सहित अन्य सामान उपलब्ध करवाया गया है। साथ ही एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है, जो रोजाना सुबह एक घंटे की ड्यूटी स्कूल में देगा और परिसर की सफाई के अलावा शौचालयाें को साफ करेगा। उनके तरफ से हर संभव प्रयास किया जाएगा।
पार्षद का अच्छा कदम, बीमारी से होगा बचाव
अभिभावक दिलीप, रोशनी, प्रेमो ने बताया कि सफाई न होने से स्कूल में बच्चों के बीमार होने का भय बना हुआ था। मौजूद समय में मौसम भी बीमारी वाला है। बार-बार स्कूल में सफाई करवाए जाने की बात स्टाफ को कही जा रही थी। पार्षद ने सफाई करवाकर अच्छा कदम उठाया है। इससे बच्चे के बीमार होने की संभावना कम होगी।
स्कूल के मामले में इंचार्ज को सस्पेंड किया हुआ है। दूसरी शिक्षिका को स्कूल का चार्ज देने के साथ ही इस मामले की फाइल पंचकूला भेजी हुई है। जो भी निर्देश होंगे उसके अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - राजपाल, डीईओ करनाल।