करनाल। जिले में बिजली ट्रांसफार्मरों से कीमती कॉपर और एल्युमीनियम कॉइल चोरी होने की घटनाएं बढ़ गई हैं। चोरों ने अलग-अलग रातों में पांच गांवों के पांच ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाया है। इन वारदात में बिजली निगम को कुल 2 लाख 66 हजार 514 रुपये का नुकसान हुआ है। चार अलग-अलग मामलों में संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज की गई हैं।
चोर ट्रांसफार्मर की पूरी मशीन ले जाने के बजाय उसके अंदर मौजूद कीमती सामान चुरा रहे हैं। बड़ागांव, माखू माजरा, बल्ला, फुसगढ़ और पढ़ाना गांवों में ये वारदातें हुई हैं। कहीं 38 किलो कॉपर कॉइल निकाली गई तो कहीं एल्युमीनियम कॉइल के साथ तेल भी चोरी हुआ। कई जगह लेमिनेशन कोर और अन्य पुर्जे भी गायब मिले हैं। सबसे ज्यादा 1 लाख 20 हजार रुपये का नुकसान बड़ागांव और माखू माजरा में हुआ है। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है। निगम ने चोरी हुए सामान और नुकसान का आकलन किया है। पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है।
बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह ने इन घटनाओं को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि निगम की टीमें निरीक्षण करती हैं और पुलिस को शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराती हैं।
बड़ागांव और माखू माजरा में चोरी : कुंजपुरा क्षेत्र के बड़ागांव और माखू माजरा में 15 नवंबर की मध्यरात्रि को चोरी हुई। चोरों ने 16-16 केवीए के दो ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाया। महाबीर और रामपाल के बिजली कनेक्शन पर लगे ट्रांसफार्मरों से लेमिनेशन कोर, कॉपर कॉइल और तेल चोरी हुआ। निगम ने प्रत्येक ट्रांसफार्मर से करीब 60 हजार रुपये का नुकसान आंका। दोनों वारदात में कुल 1 लाख 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ। कुंजपुरा थाना पुलिस ने 18 नवंबर 2026 को मुकदमा दर्ज किया है।
बल्ला और फुसगढ़ की घटनाएं : मुनक क्षेत्र के बल्ला गांव में 30 सितंबर की रात 16 केवीए के ट्रांसफार्मर से सामान चोरी हुआ। यह ट्रांसफार्मर उपभोक्ता ज्ञान कौर के कनेक्शन पर लगा था। निगम ने इस वारदात में 64,814 रुपये का नुकसान आंका। फुसगढ़ क्षेत्र में 16-17 नवंबर की मध्यरात्रि को 20 केवीए के ट्रांसफार्मर से एल्युमीनियम कॉइल चोरी हुई। ट्रांसफार्मर की बॉडी क्षतिग्रस्त मिली और तेल जमीन पर फैला हुआ था। निगम ने इस चोरी से करीब 60 हजार रुपये का नुकसान होने का आकलन किया है।
पढ़ाना में चोरी : तरावड़ी क्षेत्र के पढ़ाना गांव में 5-6 नवंबर की रात 16 केवीए के ट्रांसफार्मर से सामान चोरी हुआ। चोर 38 किलो कॉपर कॉइल, 10 किलो नट-बोल्ट, सात एचटी-एलटी रॉड और 60 लीटर ट्रांसफार्मर तेल ले गए। इस चोरी से कुल 21,700 रुपये का नुकसान हुआ। तरावड़ी थाना पुलिस ने शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।