भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने रविवार को बरोदा चुनाव को लेकर करनाल में कहा कि यह सीट पहले कांग्रेस के पास थी, लेकिन भाजपा को अब अवसर मिला है, इसे हम उपलब्धि में बदलेंगे। बरोदा का माहौल भाजपा के पक्ष में है।
वाल्मीकि समाज की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में शामिल होने आए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने अनाज मंडियों में किसानों के धान की दुर्दशा के सवाल पर कहा कि सभी जगह एमएसपी पर धान खरीदा जा रहा है। तीनों कृषि कानून किसान को आर्थिक आजादी दिलाने के लिए हैं। कुछ लोग यह कहते हैं कि मंडियों के बाहर भी धान को एमएसपी पर खरीदा जाए, यह व्यवहारिक नहीं है। जैसे बाजरा अभी सरकारी रेट 2150 में खरीदा जा रहा है, सरकार के पास इसका कोई काम नहीं है, इसलिए इसे वापस बेचना है और सस्ता बेचना है। ऐसे में सरकारी खरीद बंद होने के बाद यदि किसी किसान के पास बाजरा रह जाता है तो ट्रेडर्स व अन्य खरीदार किसान की बजाय मंडियों से सस्ता खरीदेंगे, किसान से खरीदने में एमएसपी के कम पर खरीदने पर कार्रवाई का भय लगा रहेगा, इसलिए किसानों को नुकसान हो जाएगा।