- बच्ची की एक टांग कटी और गले में बंधी मिली रस्सी
- पुलिस बोली, पोस्टमार्टम के बाद होगा मामले का खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। घोघड़ीपुर रेलवे फाटक के समीप रेलवे ट्रैक पर एक 10 वर्षीय बच्ची का शव मिला है। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और एफएसएल की टीम को बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। बच्ची की एक टांग कटी और गले में रस्सी भी बंधी थी। शव की हालत देखकर बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद रस्सी से गला घोट हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंकने की आशंका है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस कुछ भी कहने से इनकार कर रही है। जीआरपी ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के शव गृह में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार बच्ची के माता-पिता नहीं हैं। वह सिटी थाना क्षेत्र में अपनी बहन व चाचा के साथ रहती थी और रविवार से लापता थी।
इसकी शिकायत बच्ची के चाचा ने सिटी थाने में दर्ज कराई है। जिसमें उसने बताया कि बच्ची रविवार दोपहर बाद करीब तीन बजे घर से खेलने के लिए निकली थी जो वापस नहीं लौटी। जब सोमवार दोपहर को खेत में काम करने वाले व्यक्ति ने बच्ची का शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद डीएसपी नायब सिंह, सिटी थाना प्रभारी ने भी मौके पर जाकर जांच की और जहां बच्ची रहती थी वहां के लोगों से भी जानकारी ली।
बजीदा जाटान और करनाल के बीच में एक बच्ची के शव मिलने की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा।
- ओमप्रकाश, जीआरपी थाना प्रभारी करनाल