करनाल के घोघड़ीपुर रेलवे फाटक के समीप रेलवे ट्रैक पर एक दस वर्षीय बच्ची का शव मिला है। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और एफएसएल की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। बच्ची की एक टांग कटी हुई थी और गले में एक रस्सी भी बंधी हुई थी। बच्ची के शरीर पर हरे रंग की टी शर्ट और लाल पेंट थी।
शव को देखकर आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसका रस्सी से गला घोटकर रेलवे ट्रैक पर शव फेंका गया है। फिलहाल इस मामले में पुलिस चुप्पी साधे हुए है। जीआरपी ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के शव गृह में रखवा दिया है।
जानकारी अनुसार बच्ची के माता पिता नहीं है। वह सिटी थाना क्षेत्र में अपनी बहन व चाचा के साथ रहती थी। रविवार से वह घर से लापता थी। इसकी शिकायत बच्ची के चाचा ने सिटी थाना में दर्ज कराई हुई है। चाचा ने शिकायत में बताया कि उसकी बेटी रविवार दोपहर करीब तीन बजे घर से खेलने के लिए निकली थी जो घर वापस नहीं लौटी। जब सोमवार दोपहर को खेत में काम करने वाले व्यक्ति ने बच्ची को शव देखा तो उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और जांच की तो वह शव उसी बच्ची का मिला। इसके बाद डीएसपी नायब सिंह, सिटी थाना प्रभारी ने भी मौके पर जाकर जांच की और जहां बच्ची रहती थी वहां के लोगों से भी जानकारी ली।
बदीजा जाटान और करनाल के बीच में एक बच्ची के शव मिलने की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा।
-ओमप्रकाश, जीआरपी थाना प्रभारी करनाल।