संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिला बाल भवन में चल रहे फैशन डिजाइनिंग केंद्र में युवतियां अपने हुनर में चार-चांद लगा रही हैं। केंद्र में रोजाना 35 से 40 युवतियां कार्य सीख रही हैं। प्रशिक्षिका मधु का कहना है कि आज के दौर में फैशन डिजाइनिंग में अच्छा कॅरिअर है, जिसमें महिलाएं व युवतियां अपना स्वयं का रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। पिछले वर्ष 60 से 70 युवतियां केंद्र में काम सीखकर आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं।
प्रशिक्षिका मधु ने बताया कि केंद्र में तीन, छह और एक साल के कोर्स में प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसमें शून्य से लेकर एडवांस डिजाइनिंग सिखाई जाती हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र में युवतियों को काम सीखते-सीखते ही स्वयं का खर्चा निकालने योग्य बनाया जाता है। फैशन डिजाइनिंग में कपड़ों की कटिंग से लेकर अलग-अलग व खास डिजाइन बनाने की कला को सिखाया जाता है। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद युवतियों को कम फीस में कोर्स सिखाया जाता है। उन्होंने बताया कि केंद्र में ऐसी युवतियां भी हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं लेकिन फैशन डिजाइनिंग में अपना अच्छा कॅरिअर बनाकर सफल होना चाहती हैं।
क्राॅफ्ट प्रशिक्षिका पूनम ने कहा कि केंद्र में दाखिला लेने के लिए परिवार पहचानपत्र, दो पासपोर्ट फोटो, 10वीं की मार्कशीट और आधार कार्ड केंद्र में जमा करवाना होता है। जिला बाल कल्याण अधिकारी मंजू ने बताया कि कई युवतियां जो कम फीस भी नहीं दे पाती हैं, वे अपने परिवार पहचानपत्र में आय के आधार पर बेहद कम फीस में कोर्स सीख सकती हैं।