वार्ड 5 में एक 11वीं कक्षा की छात्रा की कुट्टू का आटा खाने से मौत हो गई। मृतक छात्रा के चचेरे भाई सौरव ने बताया कि उसकी चचेेरी बहन कोमल (15) ने नवरात्र के व्रत रखे थे। मंगलवार वह शहर की एक दुकान से कुट्टू का आटा खरीद कर लाई थी। इसके बाद उसने उसकी रोटी बनाकर खाई तो उसकी तबियत बिगड़ गई। पेट में दर्द और उल्टी आने लगी। परिजनों ने उसे रात को ही शहर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया। बुधवार दोपहर निजी अस्पताल के डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दी तो उसे नागरिक अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में छात्रा का पोस्टमार्टम कराया गया। असंध के एसएमओ डा. संदीप अबरोल ने बताया कि विसरा लेकर जांच के लिए मधुबन भेज दिया है, रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि लड़की की मौत के कारण क्या रहे। पुलिस जांच अधिकारी कर्मवीर ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में परिजनों ने कुट्टू का आटा खाने से मौत का कारण बताया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।