बाजार में सरेशाम तीन नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने एक चीनी-घी के थोक व्यापारी को गोली मार दी। वारदात उस समय हुई जब वह अपनी दुकान पर बैठा था। इस दौरान बदमाशों ने तिजोरी लूटने की भी कोशिश की, लेकिन कर्मियोें के शोर मचाने पर फरार हो गए। घटना से नाराज दुकानदारों ने बाजार बंद कर विरोध जताया। साथ ही व्यापार मंडल ने विरोध में शनिवार को थाने का घेराव करने का भी एलान किया है।
घरौंडा के वार्ड-4 हरीपुरा निवासी विनोद कुमार जुनेजा घी व चीनी के बड़े थोक व्यापारी हैं। बताते हैं कि वह शुक्रवार की देर शाम करीब 7.40 बजे अपनी फर्म जुनेजा ट्रेडिंग कंपनी पर बैठे ग्राहकों को मॉल दे रहे थे। इसी बीच करीब 7.40 बजे शाम को तीन बाइक सवार आए। इनमें से एक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दो उतरकर दुकान पर आए और विनोद कुमार जुनेजा के पेट में गोली मारकर फरार हो गए। इस दौरान बदमाश तिजोरी को लूटने की कोशिश करने लगे, लेकिन फायर की आवाज से दुकान पर कार्य कर रहे कर्मचारी दौड़े तो वे फरार हो गए। सूचना पर घरौंडा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल व्यापारी को घरौंडा अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए उन्हें करनाल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बाइकर्स बदमाशों की देर रात तक तलाश की लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला है। आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। इधर, बाजार के व्यापारियों ने एकत्र होकर पुलिस के खिलाफ आक्रोश जताया। व्यापार मंडल घरौंडा के महासचिव महेंद्र सोनी ने एलान किया कि शनिवार को बाजार बंद रखकर व्यापारी घरौंडा थाने का घेराव करेंगे।
15 दिन पहले भी व्यापारी पर हुआ था हमला
-25 मार्च को घरौंडा की बाजार में ही किराना व्यापारी सुभाष गर्ग पर बदमाशों ने तलवारों से हमला कर दिया था। इसमें उनके दो भाई घायल हो गए थे, लेकिन अभी तक पुलिस ने घटना का खुलासा नहीं किया है।