- शॉटपुट में प्रभजोत व प्रवीण ने मारी बाजी
- 18 पीएम श्री स्कूलों की जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित
- आठ खेल स्पर्धाओं में 450 खिलाड़ियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण स्टेडियम में पीएम श्री स्कूलों की दो दिवसीय जिला स्तरीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता का वीरवार को समापन हो गया। इसमें जिले के सभी 18 पीएम श्री स्कूलों के करीब 450 महिला व पुरुष प्रतिभागियों ने भाग लिया। दूसरे दिन पुरुषों की अंडर 14 लंबी कूद में घरौंडा के जीवन व अंडर 19 में करनाल के अमन प्रथम रहे।
शॉटपुट में करनाल के प्रभजोत व अंडर 19 में निसिंग के प्रवीण ने बाजी मारी। पीएम श्री स्कूलों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजित होते यह दूसरा साल है। इस बार आठ खेल स्पर्धाओं में करीब 450 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खेल स्पर्धा में 100, 200, 400 मीटर दौड़, रिले दौड़ 4x100 मीटर, शॉट पुट, लंबी कूद, ऊंची कूद, डिस्कस थ्रो की प्रतियोगिताएं हुई। सह खेल शिक्षा अधिकारी संदीप खत्री ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अव्वल रहे खिलाड़ी 10 व 11 फरवरी को कर्ण स्टेडियम में ही आयोजित होने वाली राज्य स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिले भर से आए डीपी, पीटीआई व प्राध्यापकों ने डयूटी दी। इस मौके पर शारीरिक शिक्षा अध्यापक गगनदीप सिंह, पंकज भारद्वाज, विजयपाल, रोशन, देवेंद्र, प्रमोद, नितिन, विकास, संदीप, पिंकी, नीरज नवल, बृजभूषण मौजूद रहे।
दूसरे दिन की प्रतियोगिताओं के परिणाम
100 मीटर दौड़
- अंडर-14 - घरौंडा के आशीष पहले, मूनक के दीपांशु दूसरे, कुटेल स्कूल के जगविंद्र सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
- अंडर 19 - असंध के अजय प्रथम, नीलोखेड़ी के लक्ष्मण कुमार द्वितीय, घरौंडा के विक्रांत तृतीय रहे।
400 मीटर दौड़
- अंडर-14 - कोहंड स्कूल के विकास ने पहला, नीलोखेड़ी के अमन ने दूसरा, मूनक के नितिन ने तीसरा स्थान पाया।
- अंडर-19 - घरौंडा के सुनील प्रथम, निसिंग के अनुराग द्वितीय व असंध के नीरज तृतीय रहे।
डिस्कस थ्रो
- अंडर-14 में - घरौंडा के सुंदर पाल पहले, घरौंडा के पारस दूसरे व करनाल के सूर्यांश तीसरे स्थान पर रहे।
- अंडर 19 में - बड़ागांव स्कूल के अंश प्रथम, मूनक स्कूल के रुद्र प्रताप द्वितीय व असंध के आयुष तृतीय रहे।
4x400 मीटर रिले
- अंडर-14 में - घरौंडा खंड पहले, घरौंडा खंड का कुटेल स्कूल दूसरे व असंध खंड तीसरे स्थान पर रहा।
- अंडर 19 में - करनाल खंड प्रथम, असंध द्वितीय व मूनक तृतीय रहा।