- पुष्पवर्षा और भंडारे के साथ शहरभर में रहा उत्सव का माहौल
घरौंडा। श्री जगन्नाथ रथ यात्रा समिति के तत्वावधान में वीरवार को श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली गई। देवी मंदिर से शुभारंभ हुई यह यात्रा रेलवे रोड, मंडी मनी राम और मुख्य बाजार सहित प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः देवी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के जयकारों और भजन-कीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। हरिनाम संकीर्तन टीम ने संकीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबोए रखा। सजे-धजे रथ और आकर्षक झांकियों में विभिन्न देवी-देवताओं के स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
यात्रा के स्वागत के लिए शहरभर में जगह-जगह सामाजिक संस्थाओं और श्रद्धालुओं ने विशेष इंतजाम किए। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर रथ यात्रा का अभिनंदन किया गया, वहीं श्रद्धालुओं के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई। इस दौरान पूरा शहर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। रथ यात्रा में महिला, पुरुष, युवा और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सुख-समृद्धि की कामना
श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन के अंत में समिति की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। समिति के सदस्यों ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता और भाईचारे का संदेश फैलता है। इस अवसर पर समिति के सदस्य अखिल सिंगला, विकास वर्मा, अश्वनी चौधरी, कुलदीप, अमरीक, मुकुल अग्रवाल, यश सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।