संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। करनाल की अनाज मंडी में हुए गेटपास फर्जीवाड़े में पुलिस ने आढ़ती नरेश गर्ग को गिरफ्तार किया है। आरोपी आढ़ती ने एक किसान के नाम पर 270 क्विंटल पीआर धान का पंजीकरण करवाया था। मंडी से धान की खरीद भी दिखाई गई थी। किसान के खाते में भुगतान भी हुआ। लेकिन किसान ने न तो पीआर धान उगाई और न ही पंजीकरण करवाया था। यह सब आढ़ती ने फर्जी तौर से करवाया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आढ़ती ने किसान से केवल ओटीपी लेकर यह सारा खेल रचा था।
जब भुगतान के अनुसार पुलिस की जांच किसान तक पहुंची और पूछताछ हुई तो किसान ने सारा मामला उजागर कर दिया। पुलिस ने सुबह पांच बजे जांच एजेंसियों सहित आढ़ती के घर दबिश देकर हिरासत में ले लिया। कई घंटे चली पूछताछ के बाद आरोपी आढ़ती को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसी मामले में पुलिस पहले आरोपी मंडी सुपरवाइजर पंकज तुली और दो कंप्यूटर ऑपरेटर अंकुश और अंकित को गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों से 5.25 लाख रुपये की राशि बरामद हो चुकी है। हिरासत के दौरान पुलिस पूछताछ में पंकज तुली ने कई अहम खुलासे किए थे। उसमें कई आढ़तियों के नाम उजागर हुए थे। इसी आधार पर पुलिस की सीआईए टू शाखा ने कई आढ़तियों से पूछताछ की और आरोपी पाए जाने पर आढ़ती नरेश गर्ग को गिरफ्तार कर लिया था।
मामले में अब तक ये कार्रवाई हुई
करनाल मंडी में हुए गेटपास फर्जीवाड़े को लेकर 4 नवंबर को डीएमईओ ईश्वर सिंह की शिकायत पर मंडी सचिव आशा रानी, मंडी कर्मचारी राजेंद्र कुमार, अजय कुमार व अमित कुमार के खिलाफ करनाल शहर थाने में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में पुलिस ने मंडी सुपरवाइजर पंकज तुली, ऑक्शन रिकॉर्डर यशपाल और दो कंप्यूटर ऑपरेटरों अंकुश और अंकित की संलिप्ता मिली थी। पुलिस ने पकंज तुली को गिरफ्तार करके पांच लाख रुपये की राशि बरामद की थी। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों कंप्यूटर ऑपरेटरों को गिरफ्तार किया था। दोनों से 25 हजार रुपये की राशि बरामद की थी। वहीं मामले में शामिल करनाल मार्केट कमेटी सचिव आशा रानी और पंकज तुली को निलंबित कर दिया था। वहीं सचिव आशा रानी और ऑक्शन रिकॉर्डर यशपाल को 28 नवंबर को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई थी। वहीं जेल में बंद पंकज तुली को ब्रेन हेमरेज के बाद पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया था। जहां उनकी मौत हो चुकी है।