करनाल। जिला प्रशासन का दावा है कि जिले में गैस की किल्लत नहीं है फिर भी शहर में गैस का संकट बरकरार है। हालात ये हैं कि बारिश में भी लोग छतरी लेकर सिर्फ गैस बुकिंग करवाने पहुंचे। शुक्रवार को हांसी रोड पर भगवाड़िया गैस एजेंसी पर कतार लगी हुई थी। लोगों ने बताया कि ऑनलाइन सिलिंडर बुक नहीं हो पा रहा है। निर्धारित समयावधि के बाद भी समस्या आ रही है। वह अपनी गैस बुकिंग करवाने आए हैं।
सदर बाजार के विवेक, हांसी रोड के प्रेम सहित अन्य लोगों ने बताया कि कुछ उपभोक्ताओं के मोबाइल पर बिना सिलिंडर बुक किए ही डिलीवरी के मैसेज आने लगे हैं, जबकि कुछ ने बुकिंग कराई तो उनके सिलिंडर कहीं ओर डिलीवर कर दिए जा रहे हैं। पूछने पर लोगों को जवाब तक नहीं मिल रहे। जिससे भ्रम की स्थिति है।
मामले पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी कप्तान सिंह का कहना है कि जिले में गैस की कोई किल्लत नहीं है। लोग घबराएं नहीं। 25 दिनों के बाद गैस बुक करवाएं और आसानी से सिलिंडर पाएं।