करनाल। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में कचरे के ढेर लगे हैं, अभी 1500 टन से ज्यादा कचरा सड़कों पर पसरा है। इधर, नगर निगम की ओर से भी अपने स्तर पर उठान का कार्य जारी है। सोमवार को भी 14 प्रमुख जगहों के अलावा कई जगहों से कचरा उठान हुआ। निगम का दावा है कि शाम तक 330 एमटी कचरा उठाकर निर्धारित स्थान पर भेजा गया।
निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि सफाई व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए निगम प्रशासन द्वारा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा रहा है। शहर में डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण का कार्य भी नियमित रूप से जारी है। इसके साथ-साथ जहां भी कचरा जमा होने की सूचना मिल रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सफाई करवाकर कचरा उठाया जा रहा है।
सोमवार को अभियान के तहत नावल्टी रोड, दयालपुरा गेट, कर्णताल पार्क के मुख्य गेट के सामने, कर्णताल पार्क के बाहर स्थित लाइब्रेरी के सामने, कर्णताल पार्क के पास अनाथ आश्रम के सामने, काली माता मंदिर-लकड़ मंडी के पास दो स्थानों, सदर बाजार में पीली कोठी-मछली मार्केट के पास, लिबर्टी सेल के साथ वाले प्वाइंट, प्रेम प्लाजा होटल के सामने, वाणी एवं श्रवण निशक्त जन स्कूल के सामने, सैशन मार्ग पर तीन स्थानों, रघुनाथ मंदिर के पास तीन स्थानों, रमेश नगर के दो स्थानों तथा भगवाड़िया गैस एजेंसी के पास दो स्थानों से कचरा उठाया गया।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में सहयोग करें नागरिक
निगमायुक्त ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम के कूड़ा एकत्रीकरण वाहनों में ही अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों का कचरा डालें। नागरिक कचरे को सड़क किनारे, खाली प्लॉटों, बाजारों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें। कचरा निर्धारित वाहन को ही सौंपना शहर को स्वच्छ रखने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से व्यापारिक संगठनों एवं मार्केट एसोसिएशन से भी अपील की कि वे अपने दुकानदारों एवं प्रतिष्ठानों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें तथा बाजारों में कचरा इधर-उधर न डालने के लिए प्रेरित करें।
कूड़े के ढ़ेर से निकलता धूआ। संवाद