संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। गंगा दशहरा पर्व 25 मई को मनाया जाएगा। इस दिन हरियाणा और उत्तर प्रदेश के साथ लगती यमुना नदी में हरियाणा और यूपी के श्रद्धालु स्नान कर पूजा और दान करेगे। श्री श्याम बाला जी ज्योतिष केंद्र के संचालक पंडित विनोद शास्त्री के अनुसार गंगा दशहरा पर ही नौतपा की भी शुरूआत होगी, जो नौ दिन तक रहेगी। मान्यता है कि ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मां गंगा स्वर्ग से धरती पर अवतारित हुई थीं इसलिए इसे गंगाअवतरण भी कहा जाता है। पंडित विनोद शास्त्री ने बताया कि गंगा दशहरा पर गंगा में स्नान करने से 10 प्रकार के पाप धुल जाते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है। वहीं इस दिन जल, अन्न, वस्त्र, खरबूजे और हाथ के पंखों का दान करना विशेष फलदायी होता है।
शुभ मुहूर्त : 25 मई को दशमी तिथि का शुभारंभ सुबह 04:30 मिनट से होगा। वहीं दशमी तिथि का समापन 26 मई को सुबह 05:10 मिनट पर होगा। ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04:40 से 05:23 मिनट तक होगा। अभिजित मुहूर्त का समय दोपहर 12:17 से 01: 10 तक होगा।