न्यू रामनगर में वीरवार रात घर के सामने एक कारोबारी युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने मृतक के चाचा व उसके दो लड़कों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था जिनमें आरोपी गोल्डी, उसका भाई सुनील और इन दोनों के पिता विजय को गिरफ्तार कर लिया है। एक साल पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या करने की बात सामने आई है।
न्यू राम नगर निवासी चरणजीत ने बताया कि उसकी काछवा रोड पर फर्नीचर की दुकान है। उसका 32 वर्षीय भाई मोनू भी उसके साथ दुकान पर काम करता था। वीरवार को वह दुकान का सामान लेकर पानीपत चला गया, जब रात 10:30 बजे घर पहुंचा तो चाचा और उसके दो लड़के मोनू के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोपी सुनील और अजय ने मोनू की बाजू पकड़ी थी। इसी दौरान विजय के साथ मौजूद गोल्डी ने उसके भाई की छाती व कंधे पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। आसपास के लोगों की मदद से वह मोनू को अस्पताल लेकर गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चरणजीत ने बताया कि उसके चाचा के लड़के के साथ उसके भाई की एक साल पहले कहासुनी हुई थी इसी रंजिश में उसके भाई की हत्या की है। उसका भाई अविवाहित था।
न्यू रामनगर में एक कारोबारी युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने की सूचना मिली थी। शुक्रवार को उसके शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था जिनमें आरोपी गोल्डी, उसका भाई सुनील और इन दोनों के पिता विजय को गिरफ्तार कर लिया है।
-जगबीर सिंह, रामनगर थाना प्रभारी