स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए
हैं। जगह-जगह तैनात पुलिस कर्मचारी चेकिंग में लगे हैं। वीरवार देर रात तक
वाहनों की चेकिंग की और संदिग्ध लगने पर लोगों से पूछताछ भी की।
करनाल के
कर्ण स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह को धूमधाम से मनाने को लेकर एसपी
अभिषेक गर्ग ने सभी थाना प्रभारियों, इंचार्ज चौकियों, सीआईए-वन, सीआईए-टु
स्टाफ प्रभारियों को अपने-अपने एरिया में पड़ने वाले साइबर कैफे, होटलों
का रिकार्ड खंगालने के निर्देश दिए।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार सहित
भीड़भाड़ वाले स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद रखने को कहा। एसपी
ने कहा कि कर्मचारी की लापरवाही या ड्यूटी में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
करनाल सहित कस्बों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस नजर रखे हुए है। बाजार,
भीड़भाड़ वाले स्थानों व स्टेडियम में मनचलों एवं शरारती तत्वों पर निगरानी
रखने के लिए सिविल ड्रेस में भी पुलिस गश्त कर रही है। किसी भी शरारती
तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। समारोह में आने वाली महिलाओं की सुरक्षा का
विशेष ध्यान रखा जाएगा।
पार्किंग करके इन रास्तों से आना
एसपी
अभिषेक गर्ग ने बताया कि शुक्रवार को आमजन स्वतंत्रता दिवस समारोह को
देखने के लिए आएंगे वे सभी मीनार रोड वाले गेट व पंचायत भवन गेट की तरफ
वाले गेट से स्टेडियम में जाएं, ताकि किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए।
आमजन के लिए पार्किंग की व्यवस्था पंचायत भवन व आरटीए कार्यालय में की गई
है।
ज्वलनशील पदार्थ न लेकर आएं साथ
एसपी ने लोगों से अपील की
है कि वे स्वतंत्रता दिवस समारोह में सुबह 8.30 बजे तक अपना स्थान ग्रहण कर
लें। क्योंकि स्टेडियम में पहुंचने वालों को सुरक्षा उपकरणों से चेक कर ही
स्टेडियम में जाने दिया जाएगा, इसलिए अपने साथ कोई ज्वलनशील पदार्थ, कोई
भी आपत्तिजनक वस्तु जैसे बैग, लाइसेंसी हथियार, लाठी, डंडा, माचिस, लाइटर न
लाएं अन्यथा उनको स्टेडियम के अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस
समारोह कर्ण स्टेडियम में मनाया जाएगा। एसपी ने सभी करनाल वासियों को
स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभ कामनाएं दी।