असंध में उपायुक्त विकास यादव ने असंध के गांव ठरी में आयोजित रात्रि खुले दरबार में प्र्रजापत चौपाल के नवीनीकरण की मांग पर कहा कि मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि प्रदेश की सभी अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग की चौपालों का शीघ्र ही नवीनीकरण किया जाएगा।
इसी घोषणा के तहत करनाल की 15 करोड़ रुपये की लागत से 900 चौपालों का नवीनीकरण किया जाएगा। उपायुक्त ठरी गांव के गुरुद्वारा में मंगलवार को प्रशासन की ओर से आयोजित रात्रि खुले दरबार में ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा खुले दरबार का आयोजन लोगों को उनके घर द्वार पर ही उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए किया जाता है।
लोगों को अपनी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालयों व उपमंडल मुख्यालयों पर जाने की जरूरत नहीं, बल्कि खुले दरबारों में सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया जाता है। ठरी काफी जागरूक गांव है।
यहां के लोगों ने खुले दरबार में कोई विशेष समस्याएं नहीं रखी, लोगों का कहना था कि बहुत सी समस्याओं का समाधान लोकल स्तर पर ही अधिकारियों द्वारा हो जाता है। इस खुले दरबार में 30 लोगों ने अपनी समस्या के समाधान के लिए प्रार्थना पत्र उपायुक्त के सामने रखे।
उपायुक्त ने सभी प्रार्थना पत्र पर गहनता से विचार किया और आवेदकों को संतुष्ट करने की कोशिश की। उन्हाेंने कहा कि जो शिकायत खुले दरबार में की गई है, उन शिकायतों के निपटान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। यदि एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं होता तो वे उनसे उनके कार्यालय में जाकर मिल सकते हैं।
अधिकारियोें को दिए निर्देश
खुले दरबार में डीसी ने एसएसए के इंचार्ज के अनुपस्थित होने पर एसडीएम असंध को इस अधिकारी को कारण बताओ नोटिस देने के लिए कहा। खुले दरबार में असंध की प्रीति ने उपायुक्त से गुहार लगाई कि पिछले साल उनकी शादी पंजाब में हुई थी।
परंतु उनके ससुराल वाले उन्हें दहेज के लिए तंग करते हैं। उपायुक्त ने तुरंत संज्ञान लेते हुए खुले दरबार में उपस्थित पुलिस अधीक्षक शशांक आनंद को कहा कि लड़की मजबूर है, इस पर गहनता से अमल करें। पुलिस अधीक्षक ने तुरंत लड़की की बात को सुना और आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें पूरा सहयोग दिया जाएगा।
खुले दरबार में एक अन्य शिकायत मूंड व थल के निवासियों की थी कि उनके गांव के पास पोल्ट्री फार्म है, गांव की बिजली विभाग की ओर से पोल्ट्री फार्म से जोड़ी गई है।
इसके कारण ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ गया है। उनकी मांग थी कि पोल्ट्री फार्म की बिजली अलग की जाए। उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि इस समस्या के समाधान के लिए शीघ्र काम करें।