संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। एक व्यक्ति की धोखे से जमीन की रजिस्ट्री करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में असंध के वार्ड नंबर-14 निवासी सुखबीर ने बताया कि सफीदों रोड पर 6 कनाल 18 मरले जमीन पर उसने मकान बनाया है। आरोपी जितेंद्र के साथ उसकी दोस्ती थी। वह बोला कि उसके खाते से रुपये नहीं निकल रहे हैं, वह उसके खाते में रुपये डाल देगा और फिर निकालकर दे देना। उसने 28 फरवरी 2020, 2 मार्च 2020 व 17 मार्च 2020 को उसके खाते में रुपये डलवाए और उससे सेल्फ चेक ले लिया। इसके बाद बोला कि उसने बैंक से लोन लेना है तो आपकी और गुरजंट की गवाही होगी। इसके लिए असंध तहसील में चलना होगा। वहां पर स्टैंप वेंडर ने कागजात तैयार किए थे तो उसकी बातों में आकर उसने कागजों पर साइन कर दिया। इसके बाद 11 अप्रैल 2021 को जितेंद्र और गुरजंट कुछ बदमाशों को साथ लेकर उसकी जमीन पर कब्जा करने आए। तब पता चला कि जितेंद्र ने धोखे से उसकी जमीन अपनी मां के नाम करा दी।